इश्क फरमाने वालों के ‘विभीषण’ तलाशेगी पुलिस: विद्यालय के समस्त कर्मचारियों के मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) खंगालने की तैयारी
छिबरामऊ, । सकरावा क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय में कथित हिडन कैमरे से जुड़े वायरल वीडियो प्रकरण की जांच अब निर्णायक चरण में पहुंच गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी जांच तेज कर दी है और अब विद्यालय के समस्त कर्मचारियों के मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) खंगालने की तैयारी शुरू कर दी है।
पुलिस को उम्मीद है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वायरल वीडियो के पीछे की सच्चाई सामने आ सकेगी।
जानकारी के अनुसार, विद्यालय के प्रधानाध्यापक अशोक कुमार ने थानाध्यक्ष भागमल सिंह को स्कूल के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों के मोबाइल नंबर उपलब्ध करा दिए हैं। पुलिस अब इन नंबरों की सीडीआर निकलवाकर यह पता लगाएगी कि संदिग्ध अवधि में किस-किस व्यक्ति के बीच बातचीत हुई और किन लोगों की गतिविधियां संदेह के घेरे में हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि सीडीआर और अन्य तकनीकी जांच के माध्यम से यह जानने का प्रयास किया जाएगा कि विद्यालय में कथित हिडन कैमरा किसने लगाया, कब लगाया और वायरल वीडियो किस प्रकार तैयार कर प्रसारित किया गया। जांच में डिजिटल साक्ष्यों को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे पहले विद्यालय प्रबंधन ने अपना पक्ष रखते हुए कहा था कि जिस अवधि का वीडियो बताया जा रहा है, उस समय विद्यालय शीतकालीन अवकाश के कारण बंद था। ऐसे में यह मामला और अधिक रहस्यमय हो गया है तथा कई नए सवाल खड़े हो गए हैं। थानाध्यक्ष भागमल सिंह ने विद्यालय पहुंचकर निरीक्षण किया और स्टाफ से पूछताछ भी की। बताया कि सभी मोबाइल नंबरों की सीडीआर निकलवाई जाएगी तथा जांच के आधार पर दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मामले का जल्द खुलासा कर वायरल वीडियो कांड के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया जाएगा।

