शिक्षक नही पहुंचे स्कूल, निरीक्षण को पहुंचे बीएसए ने कराई प्रार्थना
परिषदीय स्कूलों का औचक निरीक्षण, शिक्षकों की अनुपस्थिति पर होगी कार्रवाई
परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) प्रवीण तिवारी गुरुवार सुबह विद्यालय खुलने के कुछ देर बाद ही औचक निरीक्षण पर पहुंचे।
बीएसए सबसे पहले नकहा ब्लॉक के संविलियन विद्यालय बेल्हौरा पहुंचे। यहां निर्धारित समय पर शिक्षक उपस्थित नहीं मिले, जबकि बच्चे विद्यालय परिसर में मौजूद थे। इस पर बीएसए ने स्वयं सभी बच्चों को पंक्तिबद्ध कर प्रार्थना कराई। इसके बाद बच्चों को कक्षाओं में बैठाकर पढ़ाई शुरू कराई और उनसे विभिन्न विषयों के प्रश्न पूछकर उनके शैक्षिक स्तर का भी आकलन किया।
अनुपस्थित शिक्षकों के विरुद्ध नोटिस जारी कर विभागीय कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद बीएसए प्राथमिक विद्यालय कोलापुरवा पहुंचे। यहां विद्यालय की व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर उन्होंने प्रभारी प्रधानाध्यापिका प्रतिमा वर्मा के कार्यों की सराहना की।
बीएसए प्रवीण तिवारी ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। निर्धारित समय पर विद्यालय न पहुंचने वाले शिक्षकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों की शिक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अनुशासनहीनता एवं शैक्षणिक कार्यों में लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

