बीईओ ने किया निरीक्षण, कई शिक्षक मिले अनुपस्थित
सात निश्चित-03 योजना के तहत 19 जुलाई को बिहार के जिन 551 उच्च विद्यालयों को सरस्वती विद्या निकेतन (माडल स्कूल) घोषित किया गया। उनमें शामिल पटना सिटी के दो विद्यालय हाजीगंज स्थित डीबीआरके जालान की 20 अगस्त और श्री गुरु गोविंद सिंह पथ स्थित राजकीय उच्च विद्यालय पटना सिटी की 21 अगस्त को दैनिक जागरण में प्रमुखता से प्रकाशित हुई थी।
उच्च अधिकारी के निर्देश पर गुलजारबाग एवं मालसलामी के विद्यालय अवर निरीक्षक चंदन कुमार ने शुक्रवार को सिटी स्कूल का निरीक्षण किया। उन्होंने अपनी जांच रिपोर्ट में उन सभी कमियों पर सही पाया जिसे दैनिक जागरण ने उजागर किया था। बीईओ चंदन कुमार ने बताया कि दैनिक जागरण में खबर प्रकाशित होते ही जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सैफुर्रहमान द्वारा विद्यालय निरीक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गयी। निरीक्षण के दौरान अधिक शिक्षकों के एक साथ अवकाश पर रहने के कारण प्रभारी प्रधानाध्यापक को ऐसा दोबारा न होने का सख्त निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि बिजली कटते ही विद्यालय में चल रहे स्मार्ट क्लास का पठन-पाठन ठप हो जाता है।
बीईओ ने कहा कि विद्यालय का परिसर व खेल मैदान नीचा होने के कारण वर्षा में जलजमाव हो जाता है। नौवीं कक्षा में 201, दसवीं में 114, ग्यारहवीं में 550 और 12वीं में 508 विद्यार्थी नामांकित हैं। बीईओ ने बताया कि नौवीं एवं दसवीं के लिए पदस्थापित 14 शिक्षकों में से पांच शिक्षक एवं 11वीं व 12वीं कक्षा में पदस्थापित 13 शिक्षकों में से सात अवकाश पर थे। एक साथ अधिक शिक्षकों को अवकाश नहीं देने का निर्देश प्रभारी प्रधानाध्यापक को दिया।
