68500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण विसंगति को लेकर शिक्षा मंत्री के आवास पर लेटकर किया प्रदर्शन
लखनऊ। 68500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण विसंगति को लेकर आन्दोलन कर रहे अभ्यर्थियों ने बुधवार बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के आवास पर लेटकर प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों ने मांगों की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित किया। शाम करीब चार बजे तक मंत्री से मुलाकात नहीं होने से नाराज अभ्यर्थियों में खासा आक्रोश दिखा।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे अभ्यर्थी तूफान सिंह ने कहा कि शिक्षक भर्ती में आरक्षण के नियमों का पालन नहीं किया गया है। भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण को लेकर गंभीर विसंगतियां हुई हैं। अभ्यर्थी लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। प्रशासन से उन्हें आश्वासन दिया गया था कि शिक्षा मंत्री से मुलाकात कराई जाएगी। इसी के चलते अभ्यर्थी मंत्री से मिलने बुधवार को आवास पर पहुंचे। काफी देर तक इंतजार करते रहे। मंत्री से मुलाकात नहीं होने पर अभ्यर्थियों ने नाराजगी जताते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। तूफान सिंह का कहना है कि 68500 शिक्षक भर्ती मामले में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग ने अपने रिपोर्ट में आरक्षण नियमों के अनुपालन को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग के अधिकारी आयोग की रिपोर्ट को लागू नहीं कर रहे हैं और मामले को लगातार लंबित किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

