यूपी के इस शहर में तेज बारिश साथ गिरे ओले, जानें कल-परसों कैसा रहेगा मौसम
उत्तर प्रदेश में बुधवार को मौसम अचानक बदल गया। कई जिलों में अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। इस बीच बरेली में तेज बारिश के साथ बड़े-बड़े ओले गिरे। मौसम विभाग ने 8 और 9 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के पूर्वी संभाग में कुछ स्थानों और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। वहीं दोनों दिन पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बादलों की गरज के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। आठ अक्टूबर को पूर्वी यूपी में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं भी चल सकती हैं।
बरेली में करीब एक घंटे तक ओले गिरे
वहीं बुधवार को बरेली के कई इलाकों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। करीब एक घंटे तक ओले गिरे। इससे तापमान में भी खासी गिरावट आ गई है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक बारिश का पूर्वानुमान जताया है। बुधवार को दिन में अधिकतम तापमान डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। बुधवार की शाम आसमान में बादल छाने के साथ हवा चलने लगी। करीब 7 बजे बिजली चमकने के साथ कई इलाकों में बूंदाबांदी शुरू हुई। देखते ही देखते तेज बारिश होने लगी और साथ ही ओलावृष्टि हुई। शहर के अलग-अलग इलाकों में करीब एक घंटे तक ओले गिरते रहे।
गर्मी का असर गायब
बारिश और ओलावृष्टि से बरेली में गर्मी का असर करीब गायब हो गया है। मौसम में अचानक आए बदलाव की वजह से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। बीते चौबीस घंटे में अधिकतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस कम हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार ने बताया कि अगले दो दिन तक हल्की बारिश के आसार हैं। इसके साथ ही 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलेगी। तापमान में भी उतार-चढ़ाव हो सकता है।
बलरामपुर में दिन में ही हो गया अंधेरा
बुधवार को बलरामपुर में भी दोपहर के समय अचानक मौसम बदल गया। दिन में ही अंधेरा छा गया।आसमान में घने बादल छा गए और बिजली की तेज कड़कड़ाहट के साथ आंधी के बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई। अचानक हुई बारिश से सड़कों और बाजारों में लोगों की आवाजाही प्रभावित हो गई। जो जहां था, वहीं भी ठिठक गया। वहीं खेतों में खड़ी धान की फसल को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है। मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। बलरामपुर समेत आसपास के जिलों में भी मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है। बारिश शुरू होते ही लोग बचने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। दोपहर के समय अचानक अंधेरा छाने और बिजली चमकने से भी लोगों में दहशत का माहौल भी बन गया। कई जगह सड़क पर पानी भरने से राहगीरों को परेशानी हुई। मौसम के अचानक करवट लेने से बाजारों में भी चहल-पहल प्रभावित हुई।

