शासन ने एक करोड़ 24 लाख रुपये का बजट किया आवंटित
फिरोजाबाद। बेसिक शिक्षा परिषद के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों के बच्चे अब पढ़ाई के साथ साथ खेलकूद में भी अपना दम दिखाएंगे। शासन ने परिषदीय स्कूलों को खेल सामग्री की खरीदने के लिए एक करोड़ 24 लाख रुपये की धनराशि जारी कर दी है। प्राथमिक विद्यालयों के लिए पांच हजार और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के लिए दस हजार रुपये प्रति विद्यालय के हिसाब से बजट जारी किया गया है। कोरोना काल के कारण स्कूलों में खेल गतिविधियां ठप हैं। हालांकि खेल सामग्री के लिए प्रतिवर्ष बजट दिया जाता है।
इस बार भी स्कूलों में खेल • सामग्री के लिए शासन ने धनराशि जारी की है। इस धनराशि से प्राथमिक स्कूलों में 11 तरह के और जूनियर स्तर पर 16 प्रकार की खेल सामग्री खरीदी जाएगी। वर्तमान में जिले में 1860 प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय हैं। खेल सामग्री का क्रय कर सभी प्रधानाध्यापकों को बीएसए कार्यालय को जानकारी देनी होगी। 30 नवंबर तक खेल सामग्री खरीदने के निर्देश दिए गए हैं।
