मध्याह्न भोजन में आलू झोर और भात खिलाने वाले प्राचार्य से मांगा स्पष्टीकरण
बिहारशरीफ, हिन्दुस्तान संवाददाता। सरकारी स्कूलों में एमडीएम में बच्चों का निवाला गटकने वाले और मेनू के अनुसार भोजन नहीं देने वाले एचएम पर डीपीओ अनिल कुमार ने कार्रवाई की है।
डीपीओ ने बताया कि बच्चों को भोजन से वंचित रखना और मेनू के अनुसार भोजन नहीं देना काफी गंभीर मामला है। शुक्रवार को हरनौत आदर्श मध्य विद्यालय व कन्या मध्य विद्यालय में मिशन दक्ष में बच्चों को भोजन नहीं देने का मामला सामने आया था। दोनों स्कूलों में रसोईयों को भोजन नहीं बनाने का जिम्मेवार माना गया है। इन रसोईयों का मानदेय रोकते हुए एचएम से शोकॉज किया गया है। कहा कि आखिर किस परिस्थिति में बच्चों को भोजन से वंचित रखा गया। इसी तरह, रहुई बलियाबिगहा में पुलाव छोला की जगह आलू का छोर भात देने पर एचएम से शोकॉज किया गया है। रहुई मध्य विद्यालय में भी पुलाव की जगह भात देने और अंडे व फल से बच्चों को वंचित रखने पर कादीबिगहा मध्य विद्यालय में भी पुलाव की जगह भात और काबूली चना का छोला की जगह आलू व चना का झोर-भात परोसने पर शोकॉज किया गया है।
डिहरा प्राइमरी स्कूल में भी पुलाव की जगह भात परोसा गया था। हालांकि, बच्चों को आलु-चना का छोर व अंडे बच्चों को दिया गया था। एक भी स्कूलों में सलाद नहीं देने की बात सामने आयी है।

