Primary Ka Master Latest Updates👇

Sunday, February 1, 2026

निर्मला का नौवां आम बजट आज

निर्मला का नौवां आम बजट आज

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण रविवार को लगातार नौवीं बार आम बजट पेश करेंगी। वित्त मंत्री ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को ध्यान में रखकर बजट में बड़े सुधार और नई घोषणाओं का ऐलान कर सकतीं हैं।

बजट में सरकार का मुख्य फोकस आर्थिक सुधारों की गति को तेज करने पर होगी। युवा, नौकरीपेशा, किसान, गरीब और महिलाओं के हितों में कुछ योजनाओं का विस्तार किया जा सकता है तो कुछ नई योजनाओं की घोषणा भी संभव है। कोशिश रहेगी कि आम नागरिक से जुड़ी सौगातों के साथ देश में आर्थिक विकास को गति दी जाए। औद्योगिक क्षेत्र और आधारभूत ढांचे के तेजी से विकास को लेकर बड़ी और अहम घोषणाएं होने की संभावना है।


वैश्विक अनिश्चितता और नाजुक व्यापारिक परिस्थितियों के बीच पेश होने वाले बजट में सरकार व्यापार सुगमता और निवेश के मोर्चे पर भी बड़े बदलाव की घोषणा कर सकती है। व्यापार सुगमता के लिए सरकार का लक्ष्य है कि कर नियमों को और भी सरल बनाया जाए।


सरकार की कोशिश होगी कि उलझाने वाले नियमों को स्पष्ट किया जाए, जिससे लोगों का भरोसा बढ़े और देश में निवेश को बढ़ावा मिले। ऐसे में विदेशी निवेश को आकर्षित करने की दिशा में कई कदम उठाए जा सकते हैं। इसके साथ ही, एमएसएमई को बढ़ावा देने के लिए अतिरिक्त धनराशि की व्यवस्था व अन्य योजनाओं को शुरू किया जा सकता है।


सरकार ने 2047 तक हर नागरिक को बीमा कवरेज देने का लक्ष्य रखा है। इस लिहाज से बीमा पहुंच सुलभ बनाने के लिए कुछ ऐलान किए जा सकते हैं। इलाज सस्ता हो, इसके लिए चिकित्सा उपकरणों पर करों को घटाया जा सकता है। साथ ही, देश में दवाओं और चिकित्सा उपकरणों के उत्पादों को बढ़ावा देने संबंधी घोषणा हो सकती है।



निर्मला का नौवां आम बजट आज Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link