नकल कराने में शिक्षक-केंद्र व्यवस्थापक फंसे
यूपी बोर्ड की परीक्षा के दौरान नकल कराने पर शिक्षक और केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। निरीक्षण के दौरान कक्ष निरीक्षक के पास से सात पन्ने का सॉल्व पेपर मिला है।
अनुपस्थित रहे 2,60,535 परीक्षार्थी
प्रयागराज। यूपी बोर्ड की परीक्षा के दौरान सोमवार को पहली पाली में हाईस्कूल अंग्रेजी और इंटर व्यावसायिक वर्ग की परीक्षा 8033 केंद्रों पर कराई गई। हाईस्कूल में 2676471, जबकि इंटर में 32549 पंजीकृत कुल 2709020 परीक्षार्थियों में से 25,40,281 उपस्थित व 1,68,739 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 7811 केंद्रों पर हाईस्कूल ट्रेड विषयों जबकि इंटर गणित व जीव विज्ञान में पंजीकृत कुल 1614632 परीक्षार्थियों में से 1522836 उपस्थित व 91,796 अनुपस्थित रहे।
भ्रामक खबरों पर होगी सख्त कार्रवाई
प्रयागराज। यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 को लेकर सोशल मीडिया खासतौर से यूट्यूब पर फर्जी और भ्रामक खबरें फैलाने वाले चैनलों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस महानिरीक्षक (कानून एवं व्यवस्था) एलआर कुमार ने सोमवार को संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखा है।
यूपी बोर्ड की ओर से दी गई रिपोर्ट के आधार पर पुलिस महानिरीक्षक (कानून एवं व्यवस्था) ने पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट को बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के प्रश्नपत्र वायरल होने जैसी झूठी खबरें फैलाने वाले यूट्यूब चैनलों के विरुद्ध सुंसगत धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। एसटीएफ और सोशल मीडिया सेल एवं साइबर क्राइम को ऐसे तत्वों पर निरंतर निगरानी रखने तथा ऐसे यूट्यूब चैनलों पर भ्रामक प्रसारित खबरों का खण्डन कराने के लिए निर्देशित किया गया है।

