बच्चों को मुर्गा बनाकर पीटने के मामले में इंचार्ज अध्यापक निलंबि
फलावदा के अमरोली उर्फ बड़ा गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय का मामला, जांच के बाद बीएसए ने की कार्रवाई फलावदा के अमरोली उर्फ बड़ा गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय का मामला, जांच के बाद बीएसए ने की कार्रवाई
मेरठ के फलावदा थानाक्षेत्र के अमरोली उर्फ बड़ा गांव स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को मुर्गा बनाकर पिटाई करने का मामला सामने आया था। हाल ही में घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। शिक्षा विभाग ने इसे संज्ञान में लेकर जांच की जिसके बाद बीएसए ने शिक्षक को निलंबित कर दिया।
सोमवार को खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) मवाना त्रिवेंद्र कुमार ने विद्यालय पहुंचकर जांच की। उन्होंने पीड़ित बच्चों, अन्य छात्रों और अभिभावकों के बयान दर्ज किए। जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशा चौधरी ने आरोपित इंचार्ज अध्यापक गोविंद सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। बीईओ त्रिवेंद्र कुमार ने कहा जांच में पता चला कि कुछ बच्चे ड्रेस कोड का पालन नहीं कर रहे थे, इस वजह से शिक्षक ने ऐसा किया था, लेकिन इस तरह की सजा देना गलत है। रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। बीएसए आशा चौधरी ने पुष्टि करते हुए रिपोर्ट के आधार पर इंचार्ज अध्यापक को तत्काल निलंबित कर दिया गया है।
इंचार्ज अध्यापक ने तीन लोगों पर लगाए धमकी देने के आरोप
प्रधानाध्यापक गोविंद सिंह ने सीओ पंकज लवानिया को दिए प्रार्थना-पत्र में दावा किया कि वे राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत बच्चों को योग करा रहे थे। इसी दौरान गांव के कल्लू उर्फ हसीबुल रिजवी सहित दो अज्ञात व्यक्तियों ने उन पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अमर्यादित व्यवहार किया। इस्लाम परंपरा के विरुद्ध शिक्षा देने का आरोप लगाया, गोली मारने की धमकी दी और मारपीट भी की। उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई है।

