135 एकल विद्यालयों में होगा शिक्षकों का समायोजन, 789 शिक्षक मिले सरप्लस
गाजीपुर: जिले के एकल परिषदीय विद्यालयों में जल्द ही शिक्षकों की कमी दूर होने की उम्मीद है। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से शिक्षकों के समायोजन की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। विभागीय सत्यापन में जिले के 647 विद्यालयों में 789 शिक्षक सरप्लस पाए गए हैं, जिनके माध्यम से एकल विद्यालयों में तैनाती की जाएगी।
जिले में कुल 2266 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं, जिनमें 1462 प्राथमिक, 350 उच्च प्राथमिक और 454 कंपोजिट विद्यालय शामिल हैं। लंबे समय से समायोजन न होने के कारण कई विद्यालयों में छात्र-शिक्षक अनुपात प्रभावित हो गया था। शासन के निर्देश पर अब प्रत्येक विद्यालय में न्यूनतम दो शिक्षकों की तैनाती सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार 523 प्राथमिक विद्यालयों में 631 शिक्षक तथा 124 उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 158 शिक्षक अतिरिक्त मिले हैं। वहीं जिले में 91 प्राथमिक और 44 उच्च प्राथमिक विद्यालय ऐसे हैं, जहां केवल एक शिक्षक के भरोसे पढ़ाई चल रही है। समायोजन के बाद इन विद्यालयों में अतिरिक्त शिक्षक उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे शिक्षण व्यवस्था में सुधार होगा।
बीएसए उपासना रानी वर्मा ने बताया कि सरप्लस शिक्षकों से मंगलवार तक 10 विद्यालयों का विकल्प लिया गया है। जिला स्तर पर गठित समिति अब समायोजन प्रक्रिया को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है।
विभाग द्वारा निर्धारित मानक के अनुसार प्राथमिक विद्यालय में 30 बच्चों पर एक शिक्षक तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय में 35 बच्चों पर एक शिक्षक होना जरूरी है। इसी प्रकार छात्र संख्या बढ़ने पर शिक्षकों की संख्या भी निर्धारित मानकों के अनुसार तय की जाएगी।
ये है मानक : निर्धारित मानक के अनुसार प्राथमिक विद्यालय में 30 बच्चों तथा उच्च प्राथमिक में 35 पर एक शिक्षक, 60 एवं 70 बच्चों पर दो शिक्षक, 90 एवं 105 बच्चों पर तीन, 120 एवं 140 बच्चों पर चार तथा 150 और 175 बच्चों पर पांच शिक्षक होने चाहिए।

