Primary Ka Master Latest Updates👇

Sunday, May 24, 2026

97 सरप्लस शिक्षकों ने दर्ज कराई आपत्ति, निस्तारण के बाद होगा समायोजन

 97 सरप्लस शिक्षकों ने दर्ज कराई आपत्ति, निस्तारण के बाद होगा समायोजन


बलिया: बेसिक शिक्षा विभाग में एकल विद्यालयों के लिए शिक्षकों के समायोजन की प्रक्रिया जारी है। जिले में सरप्लस घोषित किए गए शिक्षकों से आपत्तियां मांगी गई थीं, जिसके तहत अंतिम तिथि 19 मई तक 97 शिक्षकों ने अपनी आपत्ति दर्ज कराई है। अब इन आपत्तियों के निस्तारण के बाद ही समायोजन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।


समायोजन के लिए विभाग ने करीब 10 हजार शिक्षकों के आंकड़ों का भौतिक सत्यापन कराया था। जांच में जिले के 730 विद्यालयों में कुल 911 शिक्षक सरप्लस पाए गए। इनमें प्राथमिक विद्यालयों के 610 स्कूलों में 737 शिक्षक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के 120 स्कूलों में 174 शिक्षक अतिरिक्त मिले हैं।


विभाग के अनुसार जिले में करीब 112 विद्यालय ऐसे हैं, जहां केवल एक शिक्षक के भरोसे शिक्षण कार्य संचालित हो रहा है। ऐसे में सरप्लस शिक्षकों के समायोजन से इन विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर की जाएगी। हालांकि नगर क्षेत्र के विद्यालयों को इस प्रक्रिया से बाहर रखा गया है। साथ ही जिन शिक्षकों का स्थानांतरण 30 मार्च तक हो चुका है, उन्हें भी समायोजन प्रक्रिया में शामिल नहीं किया गया है।


समायोजन को लेकर शिक्षकों के बीच नाराजगी भी देखने को मिल रही है। विभाग केवल कनिष्ठ शिक्षकों का समायोजन करने की तैयारी में है, जबकि कई शिक्षकों का कहना है कि पहले वरिष्ठ शिक्षकों का समायोजन होना चाहिए।


जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने बताया कि 97 शिक्षकों की आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। पहले उनका निस्तारण किया जाएगा, इसके बाद एकल विद्यालयों में शिक्षकों का समायोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अंतिम निर्णय जिला स्तरीय समिति द्वारा लिया जाएगा।

97 सरप्लस शिक्षकों ने दर्ज कराई आपत्ति, निस्तारण के बाद होगा समायोजन Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link