पदोन्नति को छूटे 286 राजकीय शिक्षकों से मांगा प्रत्यावेदन, तय अवधि में प्रत्यावेदन देना होगा
UP Teacher Promotion उत्तर प्रदेश शैक्षिक अध्यापन (अधीनस्थ राजपत्रित) सेवा के प्रधानाध्यापक/समकक्ष पदों पर पदोन्नति दिए जाने के क्रम में अर्ह होने के बावजूद राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के सहायक अध्यापक (एलटी) एवं प्रवक्ता संवर्ग (पुरुष/महिला) के 288 शिक्षक छूट गए हैं। माध्यमिक शिक्षा निदेशक डा. महेंद्र देव ने इन शिक्षकों की सूची माध्यमिक शिक्षा की वेबसाइट https://madhyamikshiksha.upsdc.gov.in पर जारी की है।
21 मई तक मांगे गए प्रत्यावेदन
UP Teacher Promotion इन शिक्षकों से प्रत्यावेदन, गोपनीय आख्या, वांछित प्रमाणपत्र 21 मई तक मांगे गए हैं। कहा गया है कि तय अवधि में प्रत्यावेदन नहीं देने वाले शिक्षकों की पदोन्नति के संबंध में कोई विचार नहीं किया जाएगा। छूटे शिक्षकों में कई की गोपनीय आख्या तो कुछ के वांछित प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं हैं।
सेवानिवृत्त शिक्षकों को काल्पनिक पदोन्नति
UP Teacher Promotion शिक्षा निदेशक की ओर से जारी की गई छूटे शिक्षकों की सूची में पुरुष संवर्ग में 25 प्रवक्ता तथा 23 सहायक अध्यापकों के नाम हैं। सहायक अध्यापकों में नौ ऐसे हैं, जो पदोन्नति मिलने में देरी के कारण सेवानिवृत्त हो गए हैं। इन्हें काल्पनिक (नोशनल) पदोन्नति दी जा सकती है।
सूची में इन शिक्षकों के नाम
इसके अलावा महिला संवर्ग में 50 प्रवक्ता तथा 188 सहायक अध्यापकों के नाम हैं। इनमें से उन शिक्षकों को ही प्रधानाध्यापक/समकक्ष पदों पर पदोन्नति देने की कार्यवाही की जाएगी, जो निर्धारित तिथि तक वांछित प्रमाणपत्र सहित गोपनीय आख्या निर्धारित तिथि तक शिक्षा निदेशालय प्रयागराज के नियुक्ति (राजपत्रित) माध्यमिक अनुभाग की ई-मेल ddseva1@gmail.com पर उपलब्ध कराएंगे। सूची में प्रदेश के अधिसंख्य जिलों की जीआइसी/जीजीआइसी में कार्यरत शिक्षकों के नाम हैं।

