एकल शिक्षक वाले स्कूलों के गुरुजी नहीं करेंगे जनगणना
करनैलगंज: एकल शिक्षक वाले परिषदीय विद्यालयों में तैनात शिक्षकों की जनगणना ड्यूटी लगाए जाने के मामले में प्रशासन ने संज्ञान लिया है। एसडीएम नेहा मिश्रा ने बीईओ को निर्देश दिए हैं कि ऐसे शिक्षकों की ड्यूटी सूची में बदलाव कर नई सूची तैयार की जाए, ताकि विद्यालयों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
विकास खंड क्षेत्र के करीब एक दर्जन स्कूल पहले से ही केवल एक शिक्षक के भरोसे संचालित हो रहे हैं। ऐसे में जनगणना कार्य में उनकी ड्यूटी लगाए जाने से विद्यालय बंद होने जैसी स्थिति बनने लगी थी। इससे अभिभावकों में बच्चों की पढ़ाई को लेकर चिंता बढ़ गई।
कंपोजिट विद्यालय रामपुर टेपरा की शिक्षिका संतोष कौशल, पूर्व माध्यमिक विद्यालय बिबियापुर अवधूत नगर के प्रधानाध्यापक मोहम्मद उवैश अंसारी, झोलहन पुरवा के प्रधानाध्यापक अब्दुल मजीद और वैशनपुरवा के प्रधानाध्यापक विनोद कुमार सहित कई शिक्षकों की ड्यूटी जनगणना कार्य में लगा दी गई थी। वहीं पूर्व माध्यमिक विद्यालय मसौलिया के प्रधानाध्यापक मदन मोहन सिंह और सहायक शिक्षिका कुसुमलता को भी जनगणना कार्य के लिए तैनात किया गया था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम नेहा मिश्रा ने कहा कि बीईओ कार्यालय से प्राप्त सूची के आधार पर ड्यूटी लगाई गई थी, लेकिन जनगणना के कारण किसी भी विद्यालय को बंद नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारियों को फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि एकल शिक्षक वाले विद्यालयों के शिक्षकों के स्थान पर अन्य कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर नई सूची प्रस्तुत की जाए।
