यूपी के 39 जिलों में लू का दौर जारी, 72 घंटे बाद बदलेगा मौसम; प्री-मानसून देगा दस्तक!
मानसून की दस्तक का इंतजार कर रहे प्रदेशवासियों को अभी राहत मिलती नहीं दिख रही है। दिनभर तेज धूप और उमस भरी गर्मी बेहाल कर रही है। यूपी का बांदा शहर पिछले कुछ दिनों से सबसे गर्म शहरों में एक था
यहां सोमवार को बादलों ने कुछ राहत पहुंचाई। शाम को कई क्षेत्रों में बादल छाए और हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन बारिश इतनी नहीं हुई कि लोगों को गर्मी से राहत मिल सके। बूंदाबांदी रुकते ही उमस और बढ़ गई। सोमवार को बांदा का अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30.08 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सड़कों पर तेज धूप कर रही दो पहिया वाहन चालकों को बेहाल
इन दिनों सुबह से ही सूरज के तेवर तीखे होने लगते हैं। तेज धूप के कारण सड़कों और बाजारों में लोगों की आवाजाही कम रहती है। मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार को कुछ जिलों में छिटपुट बारिश से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली, लेकिन प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में चिलचिलाती धूप, गर्म हवाओं और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। अगले तीन दिनों तक लखनऊ समेत अवध के कई जिलों में हीटवेव के आसार हैं।
25 से प्री-मानसून की गतिविधियां शुरू होने की संभावनाएं
मौसम विभाग के अनुसार मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में अगले एक सप्ताह तक लू का प्रभाव बना रह सकता है। सिंह के अनुसार प्रदेश में मानसून पहुंचने में पांच से छह दिन लग सकते हैं। प्री-मानसून गतिविधियां 25 जून के बाद शुरू होने की संभावना है।
इन जिलों में चलेगी लू
मौसम विभाग के अनुसार लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुलतानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, चित्रकूट, बांदा, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मीरजापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, सीतापुर, हरदोई, कानपुर नगर, उन्नाव एवं आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को भी लू चलने की संभावनाएं हैं।
खरीफ की फसलों की तैयारी में जुटे हैं किसान
ग्रामीण क्षेत्रों में किसान खरीफ फसलों की तैयारी में जुटे हैं, लेकिन पर्याप्त वर्षा न होने से खेतों में नमी की कमी बनी हुई है। धान, उड़द और तिल की बुवाई के लिए किसान अच्छी वर्षा का इंतजार कर रहे हैं। मौसम में बार-बार हो रहे बदलाव से लोगों की उम्मीदें तो बढ़ रही हैं, लेकिन मानसून की झमाझम वर्षा अभी भी दूर नजर आ रही है।

