बिहार में चैट ने खोला गुरुजी का खौफनाक कारनामा! बवाल के बीच थाने को उड़ाने की थी प्लानिंग, 48 गिरफ्तार
बिहार के नालंदा जिले के नगरनौसा बाजार से एक बेहद सनसनीखेज और चौंकाने वाली खबर सामने आई है. यहां डिग्री कॉलेज के स्थानांतरण की मांग को लेकर हुए भारी उपद्रव हुआ. इसके साथ ही पथराव मामले में पुलिस ने बहुत बड़ा खुलासा किया है. इस हिंसा के पीछे न सिर्फ भीड़ का गुस्सा था, बल्कि पुलिस स्टेशन को बम से उड़ाने की एक सोची-समझी साजिश भी रची जा रही थी. इस मामले में पुलिस ने अब तक कुल 48 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है. जिसमें मिडिल स्कूल नगरनौसा का एक सरकारी शिक्षक भी शामिल है. शिक्षक का नाम सत्यनारायण है.
थाना उड़ाने का था प्लान, चैट देख सन्न रह गई पुलिस
गिरफ्तार किए गए सरकारी शिक्षक के मोबाइल फोन को जब पुलिस ने खंगाला तो उसमें मिले व्हाट्सएप चैट ने जांच अधिकारियों के होश उड़ा दिए. शिक्षक के मोबाइल से बरामद चैट में यह साफ लिखा था कि उपद्रव और बवाल के दौरान जैसे ही थाना भवन से पुलिसकर्मी और बड़े पदाधिकारी बाहर निकलेंगे. वैसे ही पूरे थाने को बम से उड़ा दिया जाए. इस खौफनाक व्हाट्सएप चैट के सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.
हिलसा एएसपी कुमारी शैलजा ने की पुष्टि
इस पूरे मामले और साजिश की पुष्टि हिलसा की एएसपी कुमारी शैलजा ने की है. उन्होंने बताया कि डिग्री कॉलेज विवाद को लेकर आज नगरनौसा बाजार में जमकर उपद्रव और पथराव किया गया था. जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 48 लोगों को दबोचा है. एएसपी ने साफ किया कि साजिशकर्ता सरकारी शिक्षक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है. उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है. पुलिस अब इस चैट के बैकग्राउंड और इसमें शामिल अन्य चेहरों को बेनकाब करने के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है.

