अमेठी, संवाददाता। फर्जी अंकपत्र के आधार पर नौकरी करने का मामला सामने आने पर बीएसए संजय तिवारी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विकासखंड जामो के प्राथमिक विद्यालय रानीपुर में तैनात सहायक अध्यापक सत्य प्रकाश मिश्र की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं। बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारी को संबंधित शिक्षक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के साथ अब तक दिए गए वेतन और अन्य सरकारी धनराशि की रिकवरी के लिए आगणन तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए हैं।
सत्य प्रकाश मिश्र की नियुक्ति वर्ष 2016 में 15 हजार शिक्षक भर्ती के तहत हुई थी। नियुक्ति के बाद प्राप्त शिकायतों के आधार पर उनके शैक्षिक प्रमाणपत्रों और अंकपत्रों का सत्यापन संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय वाराणसी से कराया गया। विवि की ओर से उपलब्ध कराए गए अभिलेखों में शिक्षक द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों का मिलान नहीं हुआ।
