परिषदीय स्कूल में निकला सांप
बिजनौर। परिषदीय स्कूल खुल गए हैं, लेकिन छात्र पढ़ाई के लिए 25 जून से विद्यालय पहुंचेंगे। शिक्षक-शिक्षिकाएं रोजाना स्कूल पहुंच रहे हैं। बुधवार को शहर के परिषदीय विद्यालय कादरपुर जसवंत उर्फ तीबड़ी की प्रधानाध्यापिका रुचि चौधरी ने बताया कि सुबह वह अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ स्कूल पहुंचीं, तो परिसर में सांप दिखाई दिया। सांप को देखते ही सभी कर्मचारी एहतियातन विद्यालय से बाहर आ गए और इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी। सूचना पर वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद सांप को पकड़ लिया।
रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद ही स्टाफ विद्यालय के भीतर प्रवेश कर सका। गौरतलब है कि जिले के कई परिषदीय विद्यालय आबादी से दूर खेतों और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हैं। बरसात के मौसम में ऐसे स्थानों पर सांप और अन्य जीव-जंतुओं के निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं।
