देश भर के प्रारंभिक शिक्षक टेट से मुक्ति के लिए करेंगे आंदोलन
देश भर के प्रारंभिक शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा (टेट) से मुक्त करने की मुख्य मांग को लेकर अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने आंदोलन की चेतावनी दी है। पटना के दौरे पर पहुंचे अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशील कुमार पांडेय ने शुक्रवार को कहा कि भारत सरकार यथाशीघ्र अध्यादेश लाकर देश भर के शिक्षकों को टेट से मुक्त करे, नहीं तो देशभर में बड़ा आंदोलन शिक्षकों के द्वारा छेड़ दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए देशभर के सभी सांसदों को उनके क्षेत्र के शिक्षकों द्वारा दिल्ली में ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम तय हो गया है, जिसे मानसून सत्र के दौरान मूर्त रूप दिया जायेगा। श्री पांडेय ने कहा कि हमारी लड़ाई पुरानी पेंशन योजना लागू करने की है, पुरानी पेंशन योजना योजना लागू होने तक जारी रहेगी। अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने निर्णय लिया है कि शिक्षकों के मसीहा अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ भवन ट्रस्ट के अध्यक्ष रहे स्वर्गीय ब्रजनंदन शर्मा की आदमकद प्रतिमा दिल्ली के जनकपुरी स्थित शिक्षक संघ भवन में लगाया जायेगा। उन्होंने कहा कि बिहार में ऑनलाइन हाजिरी एवं स्थानांतरण संबंधी समस्या का निराकरण, नियोजित शिक्षकों की 12 वर्षों की सेवा पर प्रोन्नति, प्रशिक्षण से विरमन की तिथि से शिक्षकों को प्रशिक्षित वेतनमान, नियुक्ति तिथि से सेवा की गणना करते हुए वरीय वेतनमान, अनुकंपा के आधार पर शिक्षक के पद पर आश्रितों की नियुक्ति एवं नियुक्ति के उपरांत सरकारी खर्चे पर पूर्व की तरह प्रशिक्षण की मांग पूरी नहीं हुई, तो बिहार राज्य प्राथमिक
शिक्षक संघ के सहयोग से बड़ा आंदोलन खड़ा किया जायेगा।
