अब पोर्टल पर होंगे शिक्षकों के नवाचार
लखनऊ। प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में पढ़ाई में नवाचार किया जाएगा। नवाचार से विद्यालयों की समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) की ओर से उद्गम पोर्टल तैयार किया गया है जिस पर शिक्षकों के नए प्रयोगों के वीडियो अपलोड किए जाएंगे। इससे दूसरे शिक्षक भी प्रेरित होकर उसे प्रयोग कर सकेंगे।
एससीईआरटी ने तैयार किया है उद्गम पोर्टल
परिषदीय विद्यालयों के कई शिक्षक रोचक ढंग से पढ़ाई कराने के साथ ही छात्र संख्या को बढ़ाने के लिए तरह-तरह के उपाय वह कर रहे हैं। उद्गम पोर्टल पर सभी जिलों के शिक्षकों के नवाचारों को अपलोड किया जाएगा। शिक्षक इस पर तीन से पांच मिनट के वीडियो, पांच से 10 स्लाइड का पॉवर पॉइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) और चित्रों को उद्गम पोर्टल पर अपलोड करेंगे। स्कूलों में नामांकन, उपस्थिति व समस्याओं का नवाचारी समाधान किया जाएगा। बेसिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने बताया कि अभी 60 से अधिक शिक्षकों के वीडियो अपलोड किए जा चुके हैं। हम इसकी संख्या बढ़ाएंगे। आगे चलकर शिक्षकों को पुरस्कृत करने की भी तैयारी है। ब्यूरो

