Primary Ka Master Latest Updates👇

Monday, August 10, 2026

स्कूल में मिड-डे मील की जगह बिस्किट बांटने पर कार्रवाई

स्कूल में मिड-डे मील की जगह बिस्किट बांटने पर कार्रवाई

सीतापुर: जिले के गोंदलामऊ विकासखंड स्थित प्राथमिक विद्यालय लोहंगपुर में मध्याह्न भोजन (MDM) के स्थान पर बच्चों को बिस्किट बांटने के मामले में बेसिक शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। जांच में लापरवाही मिलने पर प्रभारी प्रधानाध्यापिका के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति की गई है, जबकि विद्यालय की निगरानी में लापरवाही बरतने पर संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) को प्रतिकूल प्रविष्टि (Adverse Entry) दी गई है।




अमर उजाला में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने मामले की जांच के निर्देश दिए थे। इसके बाद बीएसए ने बीईओ सिमी निगार से विद्यालय की जांच कराई।


जांच में प्रभारी प्रधानाध्यापिका निकहत फातिमा द्वारा मध्याह्न भोजन बनवाने में लापरवाही पाए जाने की पुष्टि हुई। जांच रिपोर्ट के आधार पर बीएसए ने उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति की है। वहीं विद्यालय की नियमित निगरानी में लापरवाही बरतने पर बीईओ सिमी निगार को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है।


बीएसए ने दिए सख्त निर्देश

मध्याह्न भोजन व्यवस्था में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए बीएसए ने सभी बीईओ, डीसी और शिक्षकों को निर्देश जारी किए हैं कि वे प्रतिदिन किसी न किसी विद्यालय का औचक निरीक्षण करें। निरीक्षण के दौरान बच्चों के साथ बैठकर मध्याह्न भोजन करें तथा निरीक्षण की फोटो विभागीय ग्रुप में अनिवार्य रूप से अपलोड करें।


बीएसए ने स्पष्ट किया है कि विद्यालयों में मध्याह्न भोजन व्यवस्था की रोजाना निगरानी की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

स्कूल में मिड-डे मील की जगह बिस्किट बांटने पर कार्रवाई Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link