चांदी 2 दिन में ₹8803, सोना ₹4651 सस्ता:कच्चे तेल की कीमत में तेजी और PM मोदी की सोना न खरीदने की अपील का असर
सोने-चांदी के दाम में 2 सितंबर को गिरावट रही। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 1,999 रुपए गिरकर 1.51 लाख रुपए हो गई है।
एक किलो चांदी की कीमत आज 2,023 रुपए गिरकर 2.28 लाख रुपए पर आ गई है। PM नरेंद्र मोदी की अपील के बाद 2 दिन में ही चांदी करीब 8,803 और सोना 4,651 रुपए सस्ता हो चुका है। कल सोना 2,652 रुपए और चांदी 6,780 रुपए सस्ती हुई थी।
PM मोदी के गैर-जरूरी सोना न खरीदने की अपील का असर
मार्केट एक्सपर्ट अनुज गुप्ता के अनुसार PM नरेंद्र मोदी की अपील के चलते सोने की कीमत पर दबाव देखने को मिल रहा है। इसके अलावा कच्चे तेल की कीमत में तेजी के कारण भी सोने और चांदी में गिरावट आई है
अमेरिका ने होर्मुज स्ट्रेट में ईरान के एक द्वीप पर हमला किया है। ईरान ने भी जॉर्डन में अमेरिकी ठिकानों पर हमला किया।
ऑलटाइम हाई से 1.58 लाख रुपए गिरी चांदी
इस साल सोने-चांदी की कीमत में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। 31 दिसंबर 2025 को सोने के दाम 1.33 लाख रुपए थे, जो 29 जनवरी को बढ़कर 1.76 लाख रुपए के सबसे ऊपरी स्तर पर पहुंच गए थे। तब से अब तक सोना 25 हजार रुपए सस्ता हो चुका है।
वहीं, चांदी की कीमत 31 दिसंबर 2025 को 2.28 लाख रुपए थी, जो 29 जनवरी को 3.86 लाख रुपए के ऑलटाइम हाई पर पहुंच गई थी। तब से अब तक चांदी 1.58 लाख रुपए सस्ती हो गई है।
अलग-अलग शहरों में सोने के दाम अलग होने की 4 वजहें
ट्रांसपोर्टेशन और सिक्योरिटी: एक शहर से दूसरे शहर सोना ले जाने में ईंधन और सुरक्षा खर्च जुड़ता है, जिससे दूरी बढ़ने पर दाम बढ़ते हैं।
खरीदारी की मात्रा: दक्षिण भारत में ज्यादा खपत (करीब 40%) के कारण ज्वेलर्स बड़ी खरीद करते हैं, लेकिन छूट का फायदा सीमित रहता है।
लोकल ज्वेलरी एसोसिएशन: राज्य और शहर के ज्वेलरी एसोसिएशन स्थानीय मांग-सप्लाई के आधार पर रेट तय करते हैं।
पुराना स्टॉक और खरीद मूल्य: ज्वेलर्स का खरीदी रेट तय करता है कि वे ग्राहकों को कितनी कीमत में बेचेंगे।
ज्वेलर्स से सोना खरीदते समय इन 3 बातों का रखें ध्यान
सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें: हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। ये नंबर अल्फान्यूमेरिक यानी कुछ इस तरह से हो सकता है- AZ4524। हॉलमार्किंग से पता चलता है कि सोना कितने कैरेट का है।
कीमत क्रॉस चेक करें: सोने का सही वजन और खरीदने के दिन उसकी कीमत कई सोर्सेज (जैसे इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट) से क्रॉस चेक करें। सोने का भाव 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट के हिसाब से अलग-अलग होता है।
मेकिंग चार्ज का खेल: मेकिंग चार्ज वह शुल्क है जो ज्वेलर्स सोने को गहना बनाने के लिए लेते हैं। यह फिक्स नहीं होता। आप इस पर मोलभाव कर सकते हैं। ज्वेलर्स अक्सर इसे कम करने के लिए तैयार हो जाते हैं, खासकर यदि आप बड़ी खरीदारी कर रहे हों। आप सीधे उनसे लेबर कॉस्ट का ब्रेकअप मांगें, जिससे आपको बेहतर डील मिल सके

