स्कूलों की पोर्टल पेंडेंसी पर सख्ती, तीन दिन में सभी लंबित कार्य पूरे कराने के निर्देश
शिक्षक दिवस कार्यक्रम से लेकर विभिन्न पोर्टल के पंजीकरण और निपुण लक्ष्य तक 21 बिंदुओं पर मांगी गई प्रगति रिपोर्ट, सोमवार से स्कूलवार समीक्षा की चेतावनी
अलीगढ़। ब्लॉक क्षेत्र के सभी परिषदीय एवं संबंधित विद्यालयों में लंबित कार्यों को लेकर विभागीय स्तर से सख्ती बढ़ा दी गई है। हेड इंचार्ज को निर्देश दिए गए हैं कि विद्यालय से संबंधित सभी पोर्टल की पेंडेंसी और अन्य निर्धारित कार्यों को तय समयसीमा में पूरा कराएं। निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि उपरोक्त सभी बिंदुओं की पेंडेंसी अधिकतम तीन दिन में समाप्त कराना अनिवार्य होगा।
शिक्षक दिवस कार्यक्रम की फोटो भेजने के निर्देश
सभी विद्यालयों में शिक्षक दिवस कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम को व्यवस्थित तरीके से कराने के साथ प्रत्येक विद्यालय से विद्यालय के नाम सहित एक फोटो भेजने को कहा गया है।
SHVR पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य
सभी विद्यालयों को स्वच्छ एवं हरित विद्यालय पुरस्कार (SHVR Portal) के लिए ऑनलाइन पंजीकरण एवं आवेदन की प्रक्रिया पूरी करनी है। पंजीकरण के बाद फॉर्म को Final Submit करना अनिवार्य बताया गया है। इसके लिए अधिकतम तीन दिन की समयसीमा दी गई है। अधिकारियों ने कहा है कि इस कार्य की समीक्षा की जा रही है और पूर्व में भी यह प्रक्रिया कराई जा चुकी है, इसलिए इस बार लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
नशा मुक्ति पोर्टल पर भी रजिस्ट्रेशन
सभी सरकारी और मान्यता प्राप्त विद्यालयों को नशा मुक्ति पोर्टल पर पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए तीन दिन में कार्य पूरा करने को कहा गया है। पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया समझाने वाला वीडियो भी ग्रुप में उपलब्ध कराया गया है।
21 बिंदुओं पर स्कूलवार समीक्षा
निर्देशों के अनुसार विद्यालयों को निम्न प्रमुख कार्य पूरे करने होंगे—
SHVR पोर्टल पर स्वच्छ एवं हरित विद्यालय पुरस्कार के लिए पंजीकरण और Final Submit।
प्रशांत ऐप/पोर्टल पर विद्यालय का अनिवार्य पंजीकरण।
शारदा पोर्टल पर आउट ऑफ स्कूल बच्चों का चिन्हांकन और पंजीकरण।
सभी विद्यालयों में नए SMC खातों को खोलने की प्रक्रिया पूरी करना और SNA-SPARSH से संबंधित रिपोर्ट उपलब्ध कराना।
विद्यालयों में बाल वाटिका का नियमित संचालन सुनिश्चित करना।
कक्षा 1 से 5 तक नवीन निपुण लक्ष्य फ्लेक्सी एवं निपुण तालिका प्रदर्शित करना।
प्रत्येक बच्चे का निपुण लक्ष्य ऐप के माध्यम से परीक्षण कराना और नियमित अभ्यास कराना।
इको क्लब की गतिविधियां कराकर उनका ऑनलाइन विवरण दर्ज करना।
किताब वितरण की ऐप के माध्यम से स्कैनिंग सुनिश्चित करना।
सभी सरकारी एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों का नशा मुक्ति पोर्टल पर पंजीकरण।
UDISE पोर्टल पर बच्चों के MBU एवं फिंगरप्रिंट संबंधी लंबित विवरण अपडेट कराना।
हाउसहोल्ड सर्वे निर्धारित समय में पूरा कर स्कूलवार गोशवारा एवं संबंधित रिपोर्ट उपलब्ध कराना।
प्रत्येक कक्षा के लिए शिक्षक की जिम्मेदारी निर्धारित कर निपुण लक्ष्य की तैयारी और बच्चों का नियमित अभ्यास कराना।
जूनियर एवं कंपोजिट विद्यालयों में INSPIRE Award के लिए पांच बच्चों का पंजीकरण कराना।
प्राथमिक विद्यालयों से विद्या ज्ञान के लिए एक बालक और एक बालिका का ऑनलाइन आवेदन कराना।
जिन बच्चों के आधार कार्ड नहीं बने हैं, उनके आधार बनवाने के लिए अभिभावकों से समन्वय करना।
DBT के लिए नॉट-सीडेड खातों को सीडेड कराकर बच्चों तक धनराशि पहुंचाने की प्रक्रिया पूरी करना।
स्कूल ग्रांट से विद्यालय की आवश्यक मूलभूत सुविधाओं से संबंधित कार्य प्राथमिकता से पूरा करना।
स्कूल समय में विद्यालय का गेट बंद रखना तथा अंजान व्यक्तियों के प्रवेश को रोकना।
अवकाश पर रहने वाले हेड इंचार्ज को भी विद्यालय से मांगी गई सूचनाएं एवं कार्य समय से पूर्ण कराने होंगे।
सभी पोर्टल चेक कर प्रत्येक पोर्टल की लंबित पेंडेंसी को तीन दिन में समाप्त कराना।
निपुण लक्ष्य पर विशेष जोर
निर्देशों में निपुण लक्ष्य को लेकर विशेष रूप से चेतावनी दी गई है। सभी कक्षाओं के लिए शिक्षक की जिम्मेदारी तय करने तथा बच्चों की नियमित उपस्थिति एवं प्रतिदिन अभ्यास कराने को कहा गया है। निपुण प्लस ऐप सहित उपलब्ध माध्यमों से बच्चों का अभ्यास कराने पर जोर दिया गया है। आगामी निपुण परीक्षण को देखते हुए विद्यालयों को अभी से तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
निर्देशों में कहा गया है कि कई बिंदुओं पर विद्यालयों को लगातार प्रतिदिन सूचना दी जा रही है, इसके बावजूद कुछ विद्यालयों द्वारा अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। सोमवार से स्कूलवार समीक्षा किए जाने की बात कही गई है। समीक्षा में यदि किसी विद्यालय की पेंडेंसी पाई जाती है तो संबंधित हेड इंचार्ज के विरुद्ध कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजे जाने की चेतावनी दी गई है।
सभी हेड इंचार्ज को अपने-अपने विद्यालय से संबंधित सभी पोर्टल चेक कर लंबित कार्यों को निर्धारित समय में पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
