Primary Ka Master Latest Updates👇

Sunday, September 27, 2026

यूपी में शिक्षामित्रों के चयन की 2143 फाइलें गायब, डीएम ने लिया बड़ा ऐक्शन

 शिक्षामित्रों के चयन की 2143 फाइलें गायब




बेसिक शिक्षा विभाग से शिक्षामित्र चयन की 2143 फाइलें गायब है। जिले में 2169 शिक्षामित्र का चयन किया गया था, मगर वर्तमान में पटल सहायक के पास मात्र 26 फाइलें ही हैं। डीएम के निर्देश पर कार्यालय के सेवानिवृत्त पटल सहायक पर कोतवाली में केस दर्ज किया गया है।


बेसिक शिक्षा विभाग मैनपुरी में 2169 शिक्षामित्रों का चयन किया गया था। विभाग के पास वर्तमान में इनमें से मात्र 26 शिक्षामित्रों के चयन की फाइलें ही सुरक्षित हैं। कुछ शिक्षामित्रों का मामला कोर्ट में चल रहा है। कोर्ट ने शिक्षामित्रों के चयन की फाइलें तलब की हैं। विभाग के पास फाइलें उपलब्ध न होने के कारण विभागीय अधिकारी कोर्ट में जवाब नहीं दे पा रहे हैं। इससे अधिकारियों पर कोर्ट की अवमानना का संकट खड़ा हो गया है। बीएसए सूर्य प्रताप सिंह को वर्तमान पटल सहायक धर्मेश कुमार ने बताया कि उन्हें पूर्व पटल सहायक प्रदीप चौहान ने केवल 26 फाइलें ही रिसीव कराई हैं। प्रदीप चौहान बीएसए कार्यालय में 2010 से 2021 तक शिक्षामित्रों के पटल प्रभारी रहे हैं। 2021 में वह सेवानिवृत्त हो चुके हैं। अधिकारियों ने प्रदीप चौहान को नोटिस जारी कर प्रकरण में जानकारी मांगी तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर बीईओ रविप्रकाश ने सेवानिवृत्त पटल सहायक प्रदीप चौहान पर केस दर्ज कराया है।




सेवानिवृत्त पटल के सहायक पर मुकदमा दर्ज


मैनपुरी, । सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह का कहना है कि खंड शिक्षाधिकारी की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले में जांच कर विधिक कार्रवाई करेगी।


सेवानिवृत हो चुके पूर्व पटल सहायक प्रदीप चौहान का कहना है कि उनके पास शिक्षामित्रों का कभी लिखित में प्रभार नहीं रहा। मौखिक रूप से उन्हें देखरेख के आदेश दिए गए थे। उनसे पहले जो पटल सहायक रहे थे उनके द्वारा भी उन्हें किसी प्रकार की फाइलें रिसीव नहीं कराई गई थीं। उनके समय में किसी भी शिक्षामित्र का चयन नहीं हुआ। उन्होंने 26 शिक्षामित्रों की फाइलें तैयार की थीं जो विभाग को सुपुर्द कर दी हैं। उनके ऊपर लगे आरोप निराधार हैं। बीएसए सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि कार्यालय से शिक्षामित्रों के चयन की फाइलें गायब हैं। वर्तमान पटल सहायक ने 26 फाइलें होने की जानकारी दी है। पूर्व पटल सहायक प्रदीप चौहान को नोटिस जारी किए गए थे मगर उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। पूर्व पटल सहायक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

यूपी में शिक्षामित्रों के चयन की 2143 फाइलें गायब, डीएम ने लिया बड़ा ऐक्शन Rating: 4.5 Diposkan Oleh: Updatemarts

Social media link