भारी बारिश के बीच बीएसए के औचक निरीक्षण में सभी शिक्षक मिले उपस्थित
बाराबंकी। भारी बारिश के चलते जहां बच्चे घरों में रहे, वहीं विद्यालयों में शिक्षक डटे नजर आए। शनिवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक ने बनीकोडर और हैदरगढ़ विकासखंड के परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान शिक्षकों की उपस्थिति और उनके कार्य के प्रति समर्पण देखकर बीएसए ने उनकी खुलकर सराहना की।
अत्यधिक बारिश के कारण जिलाधिकारी के निर्देश पर शनिवार को छात्र-छात्राओं के लिए अवकाश घोषित किया गया था। इसके बावजूद विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित रही।
सात विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण
विद्यालयों के भौतिक परिवेश और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए बीएसए ने उच्च प्राथमिक विद्यालय कटिया (रामसनेहीघाट), जेठौनी, प्राथमिक विद्यालय मोहम्मदपुर उपाध्याय, भिखरीपुर, पूरेमकरंद और कंपोजिट विद्यालय सूर्यपुर समेत सात विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विद्यालयों की व्यवस्थाओं को परखा गया। सभी विद्यालयों में शिक्षक उपस्थित मिले और विभागीय कार्यों को पूरा करते हुए नजर आए।
समय से कार्य पूरा करने के निर्देश
शिक्षकों की अनुशासित कार्यशैली पर बीएसए ने संतोष जताते हुए उनकी सराहना की। साथ ही सभी शिक्षकों को विभागीय कार्यों और अभिलेखों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बीएसए ने कहा कि विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था के साथ-साथ सुरक्षा और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को भी नियमित रूप से बेहतर बनाए रखा जाए।
