Primary Ka Master Latest Updates👇

Saturday, October 3, 2026

8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट 2027 में आई तो क्या मिलेगा पिछली तारीख से एरियर? जानिए पूरा गणित

 8th Pay Commission Arrears: 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें अगर 2027 के मध्य तक आती हैं, तो केंद्रीय कर्मचारियों के लिए सबसे बड़ा सवाल यह होगा कि नई वेतन व्यवस्था कब से लागू होगी. अगर सरकार इसे 1 जनवरी 2026 से प्रभावी करती है, तो बाद में बढ़ी सैलरी और उस दौरान मिले वेतन के बीच का अंतर एरियर के तौर पर मिल सकता है.


8वें वेतन आयोग की सिफारिशें अगर मिड-2027 के आसपास आती हैं और नई वेतन व्यवस्था उसके बाद लागू होती है, तो केंद्रीय कर्मचारियों के लिए सबसे बड़ा सवाल एरियर का होगा. वजह यह है कि सरकार अगर नई वेतन दरों को 1 जनवरी 2026 से प्रभावी करती है, तो नोटिफिकेशन बाद में आने के बावजूद उस तारीख से बकाया रकम बन सकती है. हालांकि, अभी यह तय नहीं है कि सरकार नया वेतन लागू होने की तारीख क्या रखेगी. इसी वजह से कर्मचारियों की नजर अब एरियर के साथ-साथ प्रभावी तारीख पर भी है.

7वां वेतन आयोग फरवरी 2014 में गठित हुआ था और उसकी सिफारिशें 1 जनवरी 2016 से प्रभावी हुई थीं. लागू होने की तारीख और वास्तविक भुगतान के बीच की अवधि का एरियर कर्मचारियों को मिला था. यही पुराना अनुभव 8वें वेतन आयोग में संभावित एरियर की चर्चा का आधार बन रहा है. हालांकि, 7वें वेतन आयोग में जो हुआ, उसे 8वें वेतन आयोग के लिए पक्का नियम नहीं माना जा सकता. अंतिम फैसला सरकार की ओर से प्रभावी तारीख तय करने के बाद ही होगा.


एरियर का हिसाब-किताब समझें?


ऑल इंडिया एनपीएस एम्प्लॉई फेडरेशन के अध्यक्ष मंजीत सिंह पटेल के मुताबिक, 7वें वेतन आयोग के दौरान न्यू पे मैट्रिक्स के आधार पर एरियर का कैलकुलेशन हुआ था. इसमें पहले मिली सैलरी को रिवाइज्ड बेसिक पे से घटाकर अंतर निकाला गया था. उनके मुताबिक इस उदाहरण में हाउस रेंट अलाउंस (HRA) का एरियर शामिल नहीं था.


इसे एक काल्पनिक उदाहरण से समझिए. अगर किसी कर्मचारी का मूल वेतन 18,000 रुपये था और उसे 125% डीए मिल रहा था, तो कुल रकम 40,500 रुपये होती थी. 2.57 के फिटमेंट फैक्टर के उदाहरण में संशोधित मूल वेतन 46,260 रुपये बनता है और डीए मर्ज होने के बाद डीए फिर से शून्य से शुरू होता है.


इस हिसाब से पुराने और नए वेतन के बीच 5,760 रुपये महीने का अंतर बनता है. 12 महीने के लिए यह रकम 69,120 रुपये होगी. यह सिर्फ समझाने के लिए दिया गया उदाहरण है. वास्तविक एरियर न्यू पे मैट्रिक्स, डीए, भत्तों और सरकार के अंतिम फैसले के आधार पर अलग हो सकता है.


कितने समय का एरियर बन सकता है?


मान लीजिए सरकार नई वेतन व्यवस्था को 1 जनवरी 2026 से प्रभावी करती है, लेकिन इसका नोटिफिकेशन 2027 में आता है. ऐसी स्थिति में जनवरी 2026 से नोटिफिकेशन की तारीख तक की अवधि का वेज गैप (Wage Gap) एरियर के रूप में बन सकता है. अगर सरकार 1 जनवरी 2026 को 8वां वेतन आयोग लागू होने की प्रभावी तारीख मानती है, तो जनवरी 2026 से नई वेतन व्यवस्था के लागू होने तक हर महीने की संशोधित पात्रता और वास्तव में मिले वेतन के बीच का अंतर देखा जाएगा. यानी नोटिफिकेशन में जितनी देरी होगी, संभावित एरियर की अवधि उतनी लंबी हो सकती है.


1 जनवरी 2026 से एरियर पक्का है?


यहीं सबसे ज्यादा सावधानी जरूरी है. अभी यह कहना सही नहीं होगा कि हर कर्मचारी को 1 जनवरी 2026 से एरियर मिलना तय हो गया है. प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) की 28 अक्टूबर 2025 की प्रेस रिलीज में कहा गया था कि पिछले रुझान को देखते हुए 8वें केंद्रीय वेतन आयोग की सिफारिशों का असर सामान्य तौर पर 1 जनवरी 2026 से अपेक्षित है.


ऑल इंडिया एनपीएस एम्प्लॉई फेडरेशन के अध्यक्ष मंजीत सिंह पटेल का कहना है कि अगर 1 जनवरी 2026 को प्रभावी तारीख मंजूर होती है, तो उस तारीख से एरियर दिया जाना चाहिए. हालांकि, प्रभावी तारीख को लेकर अंतिम तस्वीर 8वें वेतन आयोग की फाइनल रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो सकती है. 


50 लाख कर्मचारियों पर पड़ेगा असर


8वें वेतन आयोग की सिफारिशों का असर करीब 50 लाख सेवाकालीन केंद्रीय कर्मचारियों और करीब 69 लाख पेंशनरों पर पड़ने की उम्मीद है. लेकिन हर कर्मचारी का एरियर एक जैसा नहीं होगा. अंतिम रकम इस बात पर निर्भर करेगी कि न्यू पे मैट्रिक्स में मूल वेतन कितना तय होता है, डीए को किस तरह समायोजित किया जाता है और दूसरे भत्तों के लिए सरकार क्या नियम बनाती है. इसलिए अभी किसी एक रकम को 8वें वेतन आयोग का तय एरियर मानना सही नहीं होगा. 


पुराने वेतन आयोगों से क्या हुआ था?


पिछले वेतन आयोगों की प्रक्रिया भी हमेशा एक जैसी नहीं रही है. 5वें वेतन आयोग में करीब 19 महीने और 6वें वेतन आयोग में करीब 32 महीने लगे थे. 7वें वेतन आयोग की सिफारिशें तय प्रभावी तारीख से कुछ महीनों के भीतर लागू हुई थीं. 8वें वेतन आयोग को रिपोर्ट देने के लिए 18 महीने का समय मिला है. ऐसे में अगर प्रक्रिया लंबी खिंचती है और नई वेतन व्यवस्था बाद में लागू होती है, तो प्रभावी तारीख का फैसला कर्मचारियों के लिए सबसे महत्वपूर्ण होगा. 


कर्मचारी अभी क्या समझें?


फिलहाल 1 जनवरी 2026 से एरियर को लेकर उम्मीद जरूर है, लेकिन इसे अंतिम फैसला नहीं माना जा सकता. अगर सरकार नई वेतन दरों को 1 जनवरी 2026 से प्रभावी करती है, तो नोटिफिकेशन बाद में आने पर उस अवधि का वेतन अंतर एरियर के रूप में मिल सकता है. लेकिन एरियर की वास्तविक रकम तभी निकलेगी, जब न्यू पे मैट्रिक्स, बेसिक पे, डीए और दूसरे भत्तों को लेकर सरकार की सिफारिशों पर अंतिम फैसला होगा. इसलिए अभी सबसे ज्यादा नजर 8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट और उसके बाद सरकार की ओर से तय की जाने वाली प्रभावी तारीख पर है.



8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट 2027 में आई तो क्या मिलेगा पिछली तारीख से एरियर? जानिए पूरा गणित Rating: 4.5 Diposkan Oleh: Primary ka school

Social media link