शिक्षक संकुल बैठकों में बनेगी अर्द्धवार्षिक परीक्षा की रणनीति, प्रदेशभर में 16 नवंबर को आयोजित बैठकों में होगी विशेष चर्चा, होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड की होगी समीक्षा
शिक्षक संकुल बैठक नवंबर 2026 का एजेंडा जारी, 16 नवंबर को होगी बैठक; निपुण लक्ष्य, अर्द्धवार्षिक परीक्षा और UDISE+ समेत इन बिंदुओं पर होगी चर्चा
UP Basic Education News: उत्तर प्रदेश के परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में नवंबर 2026 की मासिक शिक्षक संकुल बैठक के आयोजन को लेकर महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय, समग्र शिक्षा, उत्तर प्रदेश द्वारा महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
राज्य परियोजना निदेशक मोनिका रानी द्वारा 10 नवंबर 2026 को जारी पत्र के अनुसार, नवंबर माह की शिक्षक संकुल बैठक का आयोजन 16 नवंबर 2026 (सोमवार) को अपराह्न 1:00 बजे से 3:00 बजे तक विद्यालय समय में किया जाएगा।
बैठक में अर्द्धवार्षिक परीक्षा को ध्यान में रखते हुए शैक्षिक गतिविधियों, पाठ्यक्रम की प्रगति, निपुण लक्ष्य की प्राप्ति, शिक्षण की प्रभावी रणनीतियों और विद्यालयों में संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की जाएगी।
शिक्षक संकुल बैठक नवंबर 2026 का एजेंडा
जारी निर्देश के अनुसार बैठक में प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्तर के शिक्षकों के लिए अलग-अलग बैठकें आयोजित की जाएंगी। बैठक में निम्नलिखित विषयों पर चर्चा की जाएगी।
1. प्रारंभिक प्रेरक उद्घाटन (5 मिनट)
बैठक की शुरुआत सकारात्मक ऊर्जा, साझा जिम्मेदारी और बच्चों के सीखने में सुधार के संकल्प के साथ की जाएगी। इसका उद्घाटन प्राचार्य डायट, AD बेसिक, BSA, डायट मेंटर, BEO, SRG, ARP अथवा नोडल शिक्षक द्वारा किया जाएगा।
2. उत्कृष्ट शैक्षिक प्रथाएं एवं सफलता की कहानियां (35 मिनट)
इस सत्र में विद्यालय स्तर पर शैक्षिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, पाठ्यक्रम पूर्णता एवं प्रभावी शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया से संबंधित नवाचारों और सफल प्रयासों को साझा किया जाएगा।
इसके अंतर्गत प्रमुख बिंदु होंगे:
क्रियाशील बालवाटिका के लिए अभिनव प्रयास।
विद्यार्थियों में आलोचनात्मक सोच एवं मौलिक चिंतन विकसित करने के लिए High Order Thinking Skills (HOTS) पर विशेष चर्चा।
प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग (PBL) के माध्यम से समस्या समाधान, Critical Thinking, Peer Learning और Group Learning को बढ़ावा देना।
डिजिटल संसाधनों के माध्यम से रुचिकर शिक्षण।
3. प्रार्थना सभा में 13 प्रार्थनाओं एवं प्रेरणा गीतों का नियमित आयोजन (5 मिनट)
पिछले माह साझा की गई 13 प्रार्थनाओं एवं प्रेरणा गीतों के आधार पर विद्यालयों में प्रार्थना सभा के नियमित एवं क्रमवार आयोजन पर चर्चा की जाएगी।
सभी 13 प्रार्थनाओं एवं प्रेरणा गीतों का प्रार्थना सभा में Rotation के आधार पर गायन कराया जाएगा।
शिक्षक गायन-समूह तैयार करेंगे तथा नियमित अभ्यास के लिए विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करेंगे।
विद्यार्थियों के अलग-अलग समूह बनाए जाएंगे, जिनमें विभिन्न कक्षाओं एवं आयु वर्ग के बच्चों को शामिल किया जाएगा।
4. वार्षिक शैक्षिक कैलेंडर के अनुसार पाठ्यक्रम की प्रगति एवं पूर्णता (10 मिनट)
विद्यालय के वार्षिक शैक्षिक कैलेंडर के अनुसार अब तक पाठ्यक्रम की प्रगति एवं पूर्णता की समीक्षा की जाएगी।
पाठ्यक्रम पूर्णता में आ रहे अंतराल एवं चुनौतियों के कारणों की पहचान की जाएगी।
निर्धारित पाठ्यक्रम को पूरा करने के लिए प्रभावी रणनीतियां और कार्ययोजना साझा की जाएगी।
शिक्षण विधियों एवं समय प्रबंधन के उपायों पर चर्चा होगी।
5. अर्द्धवार्षिक परीक्षा की तैयारी एवं प्रभावी क्रियान्वयन (15 मिनट)
अर्द्धवार्षिक परीक्षा की तैयारियों को लेकर विशेष चर्चा की जाएगी।
परीक्षा से पूर्व महत्वपूर्ण एवं आवश्यक बिंदुओं की पहचान कर तैयारी की जाएगी।
विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए तैयार करने हेतु पाठ्यक्रम की पुनरावृत्ति कराई जाएगी।
प्रश्नों के अभ्यास एवं उनकी कठिनाइयों के समाधान के लिए अपनाई जा रही अच्छी प्रथाओं और अनुभवों को साझा किया जाएगा।
6. होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड (HPC) का सुधारण एवं अद्यतन (10 मिनट)
प्रथम यूनिट टेस्ट के उपरांत प्रत्येक विद्यार्थी का Holistic Progress Card (HPC) भरने के अनुभवों एवं अभिभावकों के फीडबैक पर चर्चा की जाएगी।
अर्द्धवार्षिक परीक्षा के उपरांत HPC में निर्धारित प्रविष्टियां अंकित की जाएंगी।
अभिभावकों के साथ प्रगति साझा करते हुए विद्यार्थियों की अद्यतन शैक्षिक स्थिति से अवगत कराया जाएगा।
7. निपुण लक्ष्य ऐप एवं निपुण तालिका का प्रभावी उपयोग (10 मिनट)
निपुण लक्ष्य ऐप एवं निपुण तालिका के माध्यम से विद्यार्थियों के अधिगम स्तर का आकलन तथा अधिगम अंतराल को दूर करने के लिए अपनाई जा रही अच्छी प्रथाओं एवं अनुभवों को साझा किया जाएगा।
विद्यार्थियों के अधिगम स्तर के अनुसार कैच-अप रणनीतियों का चयन एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए चर्चा होगी।
शिक्षकों द्वारा आपसी अनुभवों एवं अच्छी प्रथाओं का आदान-प्रदान किया जाएगा।
8. UDISE+ पर विद्यालय, विद्यार्थी एवं शिक्षक प्रोफाइल का अद्यतन (10 मिनट)
पिछले माह की बैठक के क्रम में UDISE+ पोर्टल पर विद्यालय, विद्यार्थी एवं शिक्षक प्रोफाइल के डेटा अपडेट से संबंधित अनुभवों एवं चुनौतियों पर चर्चा की जाएगी।
डेटा प्रविष्टि के दौरान आने वाली समस्याओं एवं उनके समाधान के उपायों पर चर्चा होगी।
जिन विद्यालयों में प्रोफाइल अपडेट का कार्य शेष है, उसे पूरा करने के लिए कार्ययोजना बनाई जाएगी।
9. प्रेरणा पोर्टल पर खेलकूद गतिविधियों से संबंधित सूचना का अद्यतन (5 मिनट)
विद्यालयों में आयोजित खेलकूद गतिविधियों से संबंधित सूचनाओं एवं डेटा को प्रेरणा पोर्टल पर अद्यतन एवं अपलोड किए जाने की समीक्षा होगी।
खेलकूद गतिविधियों से संबंधित आवश्यक डेटा एवं विवरण प्रेरणा पोर्टल पर अपडेट किया जाएगा।
सभी विद्यालयों में खेलकूद गतिविधियों से संबंधित सूचनाएं समयबद्ध एवं शुद्ध रूप से अपडेट की जाएंगी।
10. प्रश्नोत्तरी, पुनरावलोकन एवं संकल्प के साथ समापन (15 मिनट)
बैठक के अंतिम सत्र में निम्नलिखित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी:
प्रश्नोत्तरी एवं समाधान: बैठक में चर्चा किए गए विषयों से संबंधित प्रश्नों एवं जिज्ञासाओं का समाधान।
समीक्षा एवं संकल्प: आगामी माह के लिए शैक्षिक प्राथमिकताओं एवं कार्ययोजना का निर्धारण।
अनुभव साझा करना: 'आज क्या नया सीखा?' के माध्यम से शिक्षकों द्वारा अपने अनुभव साझा करना।
संकल्प: अपने विद्यालय को निपुण विद्यालय/ग्रेड-कम्पीटेंट विद्यालय बनाने के संकल्प के साथ बैठक का समापन।
शिक्षक संकुल बैठक के आयोजन के संबंध में विशेष निर्देश
जारी पत्र में बैठक के सुचारु संचालन के लिए कुछ महत्वपूर्ण निर्देश भी दिए गए हैं:
प्राचार्य डायट, मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक), जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक (प्रशिक्षण), डायट मेंटर, एसआरजी एवं एआरपी द्वारा अनिवार्य रूप से किसी एक शिक्षक संकुल की बैठक में प्रतिभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
वर्तमान शैक्षिक सत्र में निपुण लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए शिक्षकों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
बैठक समाप्त होने के बाद सभी शिक्षक संकुल द्वारा प्रेरणा ऐप पर दिए गए डीसीएफ पर बैठक आयोजन संबंधी सूचना अवश्य भरी जाएगी।
शिक्षक संकुल बैठक के एजेंडा बिंदुओं का आपस में विभाजन कर आवश्यक तैयारी पहले से की जाएगी।
बैठकों में रोटेशन के आधार पर प्रतिभाग किया जाएगा, जिससे विद्यालय संचालन सुचारु रूप से सुनिश्चित हो सके।
पीयर लर्निंग को बढ़ावा देने के लिए शिक्षक संकुल की बैठकें प्रत्येक माह भिन्न विद्यालयों में आयोजित की जाएंगी।
शिक्षक संकुल बैठक नवंबर 2026: महत्वपूर्ण जानकारी
विवरण जानकारी
बैठक का नाम मासिक शिक्षक संकुल बैठक
माह नवंबर 2026
बैठक की तिथि 16 नवंबर 2026
दिन सोमवार
समय दोपहर 1:00 से 3:00 बजे तक
स्तर प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक
बैठक की अवधि 2 घंटे
प्रमुख विषय निपुण लक्ष्य, अर्द्धवार्षिक परीक्षा, HPC, UDISE+ एवं प्रेरणा पोर्टल
आदेश जारीकर्ता: मोनिका रानी, राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा, उत्तर प्रदेश।
पत्रांक: गुणविवो/शिक्षक संकुल/6635/2026-27, दिनांक 10 नवंबर 2026।
निष्कर्ष: नवंबर माह की शिक्षक संकुल बैठक में मुख्य रूप से अर्द्धवार्षिक परीक्षा की तैयारी, पाठ्यक्रम की पूर्णता, निपुण लक्ष्य की प्राप्ति, विद्यार्थियों की प्रगति का आकलन तथा विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण को बढ़ावा देने पर विशेष जोर रहेगा। सभी संबंधित शिक्षक संकुल एवं शिक्षकों को निर्धारित एजेंडा के अनुसार आवश्यक तैयारी के साथ बैठक में प्रतिभाग करना होगा।



