दिवाली से देव दीपावली तक यूपी में पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द, डीजीपी ने जारी किए सख्त आदेश
लखनऊ — उत्तर प्रदेश में आगामी त्योहारों के दौरान चाक-चौबंद सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी करते हुए 5 नवंबर से 17 नवंबर तक सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के सामान्य अवकाश पर पूरी तरह रोक लगा दी है। किसी विशेष या अपरिहार्य परिस्थिति में ही संबंधित सक्षम अधिकारी अवकाश स्वीकृत कर सकेंगे।
अगले दो हफ्तों के दौरान दीपावली, गोवर्धन पूजा, भाई दूज, छठ पूजा और देव दीपावली जैसे प्रमुख पर्व मनाए जाएंगे। इस दौरान बाजारों, प्रमुख मंदिरों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और छठ घाटों पर श्रद्धालुओं व आम जनता की भारी भीड़ उमड़ती है। इसके साथ ही अयोध्या में होने वाले भव्य दीपोत्सव समेत अन्य बड़े आयोजनों के लिए भी व्यापक स्तर पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की आवश्यकता होगी।
डीजीपी राजीव कृष्ण ने प्रदेश के सभी डीजी, एडीजी, आईजी, डीआईजी और पुलिस कमिश्नरों को इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी जिलों के एसएसपी और एसपी को जमीनी स्तर पर पुलिसकर्मियों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, संवेदनशील इलाकों में कड़ी निगरानी रखने और हर हाल में शांति व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया है।

