आगरा। शैक्षणिक सत्र 2021-22 के साढ़े पांच माह बीतने के बाद भी परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले सभी विद्यार्थियों को किताबें नहीं मिल पाई हैं। अभी तक करीब 2.5 लाख किताबें वितरित ही नहीं की जा सकीं हैं।
जिले में इस सत्र में करीब 19 लाख किताबें कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों को वितरित की जानी हैं। प्रकाशकों की ओर से जिले में सौ फीसदी किताबों की आपूर्ति कर दी गई है। विभाग की ओर से किताबें पहुंचाने में देरी हो रही है। यूटा के जिला महामंत्री राजीव वर्मा ने बताया कि कक्षा दो की अभी एक भी विषय की किताब स्कूलों को प्राप्त नहीं हुई है। कक्षा तीन और चार की भी सभी विषयों की किताबें नहीं पहुंची है। इससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है। स्कूल खुलने से पहले विद्यार्थियों ने कुछ पढ़ा नहीं है।
अब किताबें आने के साथ सभी कक्षा के विद्यार्थियों को पहले पाठ से पढ़ाया जा रहा है। सभी कक्षा की और सभी विषयों की किताबें आने के बाद पढ़ाई पटरी पर आएगी। प्रभारी बेसिक शिक्षा अधिकारी ब्रजराज सिंह ने बताया कि लगातार किताबें भेजवाई जा रही है। नियमित रूप से सभी ब्लाकों से इसकी रिपोर्ट ली जा रही है। करीब ढाई लाख किताबें रह गई हैं। दो-तीन दिन में सभी किताबें स्कूलों में पहुंच जाएंगी।

