Primary Ka Master Latest Updates👇

Sunday, October 24, 2021

राज्य के सभी विद्यार्थियों को टैबलेट व स्मार्ट फोन देगी सरकार: योगी आदित्यनाथ

 सुलतानपुर/अंबेडकरनगर : योगी सरकार अब चुनावी मोड में आने लगी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के सभी विद्यार्थियांे को टैबलेट व स्मार्ट फोन देने की घोषणा की। सुलतानपुर और अंबेडकरनगर में लोगों को 651 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने विपक्षी दलों पर तीखे तंज कसे।



दोपहर डेढ़ बजे सुलतानपुर पहुंचे मुख्यमंत्री ने मेडिकल कालेज सहित 317 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इसौली विधानसभा के देहली बाजार स्थित हर्ष महिला महाविद्यालय में जनसभा में बोले- ये परियोजनाएं सुलतानपुरवासियों को दीपावली का उपहार हैं। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे में सबसे अधिक लाभ इसी जिले के लोगों को मिलेगा। यहां बनने वाले औद्योगिक कलस्टर से रोजगार व नौकरी मिलेगी। इसी पर एयर स्टिप बनाया जा रहा है, जहां आपातकाल में हवाई जहाज भी उतरेंगे। योगी ने कहा कि अराजक तत्वों और उपद्रवियों को हमने साफ संदेश दिया है कि दंगा हुआ तो सात पीढ़ी मुआवजा भरेगी। दादागिरी दिखाओगे तो बुलडोजर तैयार खड़ा है। देश में यूपी पहला राज्य है जो 44 योजनाओं में पहले स्थान पर है। भव्य राममंदिर निर्माण का जिक्र करके योगी ने कुश की नगरी सुलतानपुर को साधने की कोशिश की। कहा, कांग्रेस ने तो राम के अस्तित्व को ही नकार दिया। आपकी आस्था का सम्मान भाजपा ने किया है। मंदिर निर्माण से आप खुश हैं तो भाजपा का समर्थन करें।


अंबेडकरनगर में आदित्यनाथ पूरी तरह चुनावी मूड में दिखे। हवाईपट्टी पर जनसभा को संबोधित करने से पहले उन्होंने 334 करोड़ की 99 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े चार साल में सात लाख लोगों को सीधे रोजगार से जोड़ा गया। मुख्यमंत्री ने सपा व कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कोरोना संकट के समय में वे लोगों को भड़काने में लगे थे। जनता की सेवा करने के बजाय स्वयं क्वारंटाइन हो गए थे। कहा कि पहले प्रदेश में गुंडों का राज था। लोगों को धार्मिक उत्सव मनाने तक की आजादी नहीं थी। तुष्टीकरण चरम पर था। इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि योगी सरकार में गुंडे जेल में हैं या उन्हें दफना दिया गया।


राजधानी स्थित पंचायत भवन में शनिवार को विश्वकर्मा समाज के प्रतिनिधि सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गदा भेंट करते पदाधिकारी ’जागरण


जासं, लखनऊ : इससे पहले लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन पिछड़ा वर्ग विश्वकर्मा समाज के सम्मेलन में भाग लिया। योगी ने कहा कि पहले की सरकारें अपने परिवार को ही प्रदेश मान लेती थीं। लोगों ने देखा है कि 2012 से 2017 के बीच कैसे एक पूरा खानदान लूट-खसोट में लगा हुआ था। महाभारत के सारे रिश्ते उनके पास थे। कहीं चाचा हैं, कहीं मामा हैं, कहीं नाना हैं तो कहीं भतीजा। मुख्यमंत्री ने विश्वकर्मा समाज में राष्ट्रवाद की भावना पर बल दिया। कहा-रावण जैसे त्रिलोक विजयी को समाप्त करने के लिए विश्वकर्माजी के मानस पुत्रों ने बिना किसी भय और संकोच के समुद्र में सेतु बंधु बनाने में अपना अहम योगदान दिया।


जासं, वाराणसी : मुख्यमंत्री योगी ने शनिवार शाम प्रधानमंत्री के 25 अक्टूबर को प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक के दौरान कहा कि जिन परियोजनाओं का लोकार्पण प्रधानमंत्री के हाथों होना है, उनमें कोई कमी मिली तो जिम्मेदार अफसरों पर कार्रवाई की जाएगी। पार्टी पदाधिकारियों से कहा कि पीएम का काशी में भव्य स्वागत हो ताकि देश दुनिया तक इसका संदेश जाए।

राज्य के सभी विद्यार्थियों को टैबलेट व स्मार्ट फोन देगी सरकार: योगी आदित्यनाथ Rating: 4.5 Diposkan Oleh: Updatemarts

Social media link