महराजगंज / फरेंदा। मदरसा आधुनिकीकरण शिक्षक एकता समिति के बैनर तले शिक्षकों ने लंबित 53 माह के मानदेय के भुगतान की मांग को लेकर जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार कन्नौजिया के नेतृत्व में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी एवं फरेंदा के विधायक बजरंग बहादुर सिंह को ज्ञापन दिया।
विधायक को दिए गए ज्ञापन में शिक्षकों ने कहा कि मानदेय न मिलने से आर्थिक स्थिति दयनीय हो गई है। 2017-18 से 2020-21 का केंद्रांश बकाया है। आर्थिक तंगी की वजह से प्रदेश के 100 से
अधिक मदरसा शिक्षको को मौत हो चुकी है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2017-18 से अब तक का संपूर्ण बकाया केंद्रांश मानदेय तत्काल जारी किया जाय मदरसा शिक्षकों की सेवा नियमावली बनाकर स्थायी किया जाय। महंगाई को देखते हुए मानदेय सहित राज्यांश बढ़ाया जाय। विधायक को ज्ञापन देकर पांच सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल की मुख्यमंत्री से मुलाकात करने की मांग की गई। कलीमुल्लाह ने कहा कि मदरसा शिक्षकों के साथ न्याय नहीं किया गया तो शिक्षक आंदोलन करेंगे। इस दौरान जावेद खां, अबरार खां, अनंत प्रताप सिंह, अमरुद्दीन अंसारी, चंद्रहास, अजय दूबे मौजूद रहे।
