अंजान से छिपानी है पहचान, 70 किमी दूर से आ रहे गणनाकर्मी; जनगणना ड्यूटी पर उठे सवाल
प्रयागराज: जनगणना-2027 की तैयारियों के बीच जनगणना ड्यूटी को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रयागराज के उच्च प्राथमिक विद्यालय सिसौटी मांडा में तैनात शिक्षामित्र सविता देवी की ड्यूटी जनगणना कार्य में लगाई गई है, जबकि उनकी तैनाती अल्लापुर नगर निगम जोन में है। इससे उन्हें रोजाना लगभग 70 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ रहा है।
शिक्षामित्रों का कहना है कि जनगणना ड्यूटी के कारण विद्यालयों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। यदि स्कूल बंद होंगे तो छात्रों का नुकसान तय है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ड्यूटी उनके कार्य क्षेत्र के आसपास ही लगाई जाए। जनगणना 2027 के तहत 7 मई से स्वगणना और 22 मई से मकानों की गणना शुरू होनी है। इस दौरान शिक्षकों और शिक्षामित्रों को बड़े पैमाने पर ड्यूटी में लगाया गया है।
बताया जा रहा है कि जनगणना कार्य के लिए 70 से 90 किलोमीटर तक दूर-दराज क्षेत्रों में भी ड्यूटी लगाई गई है। कई शिक्षकों की तैनाती उनके निवास या कार्यस्थल से काफी दूर की गई है, जिससे उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जनगणना समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने नागरिकों से अपील की है कि वे सही जानकारी ही उपलब्ध कराएं और किसी भी अंजान व्यक्ति को निजी जानकारी देने से पहले उसकी पहचान सुनिश्चित करें। बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से भी सभी विद्यालयों को निर्देश जारी किए गए हैं कि जनगणना के कारण स्कूल बंद नहीं होने चाहिए।
प्रशासन का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च प्राथमिक विद्यालयों और राजकीय विद्यालयों के शिक्षकों की ड्यूटी शहरी क्षेत्रों में लगाई गई है, जहां कई मामलों में दूरी 100 किलोमीटर तक पहुंच रही है।
जानकारी सही भरें: जनगणना 2027 के प्रमुख स्टेप्स
स्टेप 1: https://se.census.gov.in पर लॉगिन कर ऑनलाइन फॉर्म भरें और भाषा का चयन करें।
स्टेप 2: परिवार के मुखिया का नाम, 10 अंकों का मोबाइल नंबर दर्ज करें (ईमेल आईडी वैकल्पिक)।
स्टेप 3: मोबाइल नंबर पर OTP सत्यापन कर पंजीकरण पूरा करें।
स्टेप 4: राज्य, जिला, उपजिला, गांव/कस्बा और वार्ड की जानकारी भरें।
स्टेप 5: आवास स्थान को मैप पर पिन कर लोकेशन दर्ज करें।
स्टेप 6: परिवार के सभी सदस्यों की जानकारी सावधानीपूर्वक भरें।
स्टेप 7: दर्ज की गई जानकारी को एक बार जांच लें, भाषा बाद में बदली नहीं जा सकती।
स्टेप 8: सभी जानकारी सही होने पर सबमिट करें, सबमिट के बाद बदलाव संभव नहीं होगा।
स्टेप 9: इसके बाद गणनाकर्मी घर आकर सत्यापन करेंगे।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, इसमें सहयोग करें और केवल सत्य एवं प्रमाणिक जानकारी ही साझा करें।

