Primary Ka Master Latest Updates👇

Sunday, May 3, 2026

सेवानिवृत व दूसरे जिलों में तैनात कर्मचारियों को बनाया प्रगणक

 सेवानिवृत व दूसरे जिलों में तैनात कर्मचारियों को बनाया प्रगणक



प्रयागराज में जनगणना अभी शुरू नहीं हुई है, लेकिन उससे पहले ही लापरवाहियां सामने आने लगी हैं। प्रगणकों की तैनाती में कर्मचारियों की मनमानी सूची बनाई गई है। यह भी नहीं देखा गया कि जिन्हें प्रगणक बनाया जा रहा है, वे सेवा में हैं या नहीं। सेवानिवृत व दूसरे जिलों में कार्यरत कर्मचारियों को भी प्रगणक बना दिया गया है।


बताया जा रहा है कि सात मई को स्वगणना के साथ जनगणना की शुरुआत होनी है, जिसे लेकर प्रगणकों का प्रशिक्षण चल रहा है। महर्षि भारद्वाज चौराहा स्थित सदर पशु चिकित्सालय में तैनात रहे चीफ फार्मासिस्ट हरिओम सिंह दिसंबर-2024 में सेवानिवृत हो चुके हैं, लेकिन उन्हें प्रशिक्षण के लिए बुलाया जा रहा है।


इसी तरह जैनुल आबेदीन दिसंबर-2025 और हरि नारायण पिछले साल फरवरी में पशुपालन विभाग से फार्मासिस्ट पद से सेवानिवृत हो चुके हैं। इनके नाम भी प्रगणकों की सूची में शामिल हैं। प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए इनके पास फोन पर कॉल भी किए जा रहे हैं।

वहीं, जनगणना के प्रशिक्षण के लिए जिला मुख्यालय से कर्मचारियों को फोन कर बुलाया जा रहा है। इस मामले में एडीएम एफआर विनिता सिंह ने कहा कि जनगणना में जिन कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, उनकी सूची संबंधित विभागों से आई थी। यदि इसमें कोई गड़बड़ी हुई है, तो उसकी जांच कराई जाएगी।


इसके अलावा, कानपुर में कार्यरत पशु चिकित्सक डॉ. आलोक वर्मा और बलिया में तैनात डॉ. अजय को भी प्रयागराज की जनगणना में शामिल किया गया है। इसी तरह कई सेवानिवृत व अन्य जनपदों में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारी भी प्रगणक बनाए गए हैं।


जानकारी के अनुसार, जनगणना में ऐसे कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने से मना किया गया था, जो सेवानिवृति के करीब हों। इसके बावजूद पशुपालन विभाग के पशु चिकित्सा प्रसार अधिकारी लक्ष्मीशंकर, कमल कुमार त्रिपाठी और मशर्रफ अहमद की ड्यूटी भी लगा दी गई है, जबकि ये तीनों कर्मचारी इसी वर्ष अगस्त से नवंबर के बीच सेवानिवृत होने वाले हैं।


इस पूरे मामले ने जनगणना प्रक्रिया की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


सेवानिवृत व दूसरे जिलों में तैनात कर्मचारियों को बनाया प्रगणक Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link