Primary Ka Master Latest Updates👇

Thursday, June 25, 2026

यूपी में भीषण गर्मी से बेहाल लोगों के लिए राहत की खबर, मॉनसूनी बारिश पर आया अलर्ट

 यूपी में भीषण गर्मी से बेहाल लोगों के लिए राहत की खबर, मॉनसूनी बारिश पर आया अलर्ट

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और तपिश से बेहाल लोगों के लिए राहत की खबर है। प्रदेश में बारिश का सिलसिला शुरू होगा।जल्द ही राहत की फुहारें मिलने का पूर्वानुमान है। मॉनसून ने तेजी पकड़ी है। उम्मीद तो है कि दो- तीन दिन में यूपी में प्रवेश कर जाएगा। इसके बाद लखनऊ में असर दिखेगा। मौसम विभाग के अनुसार, बारिश का सिलसिला दो-तीन दिन बाद शुरू हो सकता है।




इस बार गर्मी का सिलसिला लम्बा चला और मानसून भी पिछड़ गया। यूपी में मानसून के प्रवेश का समय 18 जून माना जा रहा था। लखनऊ, कानपुर और वाराणसी में 23, झांसी में 24, मैनपुरी में 25 और आगरा, बिजनौर में 27 जून को मॉनसून की रिमझिम की उम्मीद थी। मॉनसून के लेट होने की वजह से तपिश ने लोगों को बेहाल कर रखा है। अमौसी स्थित यूपी-उत्तराखंड के मौसम मुख्यालय ने बताया कि 28 जून से प्रदेश में वर्षा का नया दौर आरम्भ होने और इसमें वृद्धि होने का पूर्वानुमान है। इससे मॉनसून को आगे बढ़ने में मदद मिलेगी। इस सिलसिले के दौरान ही मॉनसून अपना स्थान ले लेगा।




उत्तर प्रदेश में मानसून आमतौर पर दो मार्गों मध्य प्रदेश और बिहार से प्रवेश करता है। इस समय मानसून पूर्वी मध्य प्रदेश तक पहुंच चुका है, जिसका असर प्रदेश के दक्षिणी जिलों, खासकर कानपुर मंडल में देखने को मिल सकता है। मध्य प्रदेश में मॉनसून सक्रिय बना हुआ है और इसके अगले कुछ दिनों तक प्रभावी रहने की संभावना है।




बांदा देश में सबसे गर्म, लखनऊ बलिया भी तपे


प्रदेश में छिटपुट गतिविधियों तक सीमित मौसमी सक्रियता के परिणामस्वरूप बुधवार को बांदा और प्रयागराज देश के सबसे गर्म शहर रहे। इसी के साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश के वाराणसी, गाजीपुर, गोरखपुर, खीरी लखीमपुर, बलिया एवं बहराइच लू की चपेट में रहे। बांदा में 44.2, प्रयागराज में 43.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। लखनऊ में 40.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने गुरुवार को आठ जिलों, गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी के लिए लू का अलर्ट जारी किया है।




 गर्मी का असर सेहत पर, अस्पतालों में बढ़ी मरीजों की भीड़


तापमान में लगातार वृद्धि और उमस भरी गर्मी का सीधा असर लोगों की सेहत पर दिखाई देने लगा है। अस्पतालों सहित विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। चिकित्सकों के अनुसार, सबसे अधिक मरीज डिहाइड्रेशन, वायरल बुखार, पेट संबंधी समस्याओं और हीट एक्सॉशन की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि अत्यधिक गर्मी में शरीर से पानी तेजी से निकलता है, जिससे कमजोरी, चक्कर आना और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। बच्चों और बुजुर्गों में इसका खतरा अधिक रहता है। अस्पतालों में ओपीडी के दौरान मरीजों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं।

यूपी में भीषण गर्मी से बेहाल लोगों के लिए राहत की खबर, मॉनसूनी बारिश पर आया अलर्ट Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link