बिहार के शिक्षकों को छुट्टी का 24 घंटे में मिलेगा अप्रूवल, मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कर दिया इंतजाम
पटना: बिहार के शिक्षकों को अब छुट्टी मंजूर कराने के लिए जिला शिक्षा विभाग के कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। शिक्षा विभाग शिक्षकों की छुट्टी के आवेदन और उसकी मंजूरी की पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन करने की तैयारी में है। इसके लिए सभी जिलों में अलग-अलग पोर्टल शुरू किए जाएंगे। इस नई व्यवस्था के लागू होने के बाद शिक्षकों को छुट्टी के लिए संबंधित कार्यालय जाने या किसी व्यक्ति से संपर्क करने की जरूरत नहीं होगी। छुट्टी के आवेदन से लेकर उसकी मंजूरी तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन ही पूरी की जाएगी।
DEO और जिला शिक्षा अधीक्षक की निगरानी में चलेगा पोर्टल
छुट्टी के लिए तैयार किए जा रहे पोर्टल की निगरानी संबंधित जिले के जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) और जिला शिक्षा अधीक्षक (DSE) करेंगे। शिक्षक अपने नियंत्री अधिकारी के अनुसार पोर्टल पर छुट्टी के लिए आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करते समय शिक्षक को अपना मोबाइल नंबर भी दर्ज करना होगा। पोर्टल की व्यवस्था इस तरह तैयार की जा रही है कि आवेदन जमा करते ही संबंधित शिक्षक के मोबाइल पर इसकी सूचना पहुंच जाएगी
24 घंटे के भीतर करना होगा आवेदन का निष्पादन
नई व्यवस्था में संबंधित अधिकारी को शिक्षक के छुट्टी आवेदन का 24 घंटे के भीतर निष्पादन करना होगा। आवेदन स्वीकृत होते ही इसकी जानकारी भी संबंधित शिक्षक के मोबाइल पर भेजी जाएगी। इस तरह पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होने से शिक्षक को छुट्टी मंजूर कराने के लिए शिक्षा विभाग के कार्यालय जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
पोर्टल पर मौजूद रहेगा छुट्टियों का पूरा रिकॉर्ड
शिक्षकों के लिए तैयार किए जा रहे पोर्टल पर उनकी छुट्टियों का पूरा रिकॉर्ड मौजूद रहेगा। संबंधित शिक्षक के पास मेडिकल लीव, सीएल और अन्य प्रकार के कितने अवकाश बचे हुए हैं, इसकी जानकारी भी पोर्टल पर दर्ज रहेगी। छुट्टी के आवेदन पर निर्णय शिक्षक के उपलब्ध अवकाश के आधार पर लिया जाएगा। इसकी जानकारी भी शिक्षक को मोबाइल पर स्वत: मिल जाएगी। आवेदन करते समय शिक्षक को यह बताना होगा कि वह कौन सी छुट्टी लेना चाहते हैं।

