सड़ी-गली सब्जियां, एक्सपायर्ड दूध... फाइव स्टार होटलों पर पड़ी रेड तो सामने आया सच
कर्नाटक के बेंगलुरु में खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग के खाद्य सुरक्षा विंग ने कई श्री और पांच स्टार होटलों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। विशेष निरीक्षण अभियान के दौरान अधिकारियों को खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कई गंभीर अनियमितताएं मिलीं। इनमें एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री, सड़ी-गली सब्जियां, एक्सपायर्ड दूध, अस्वच्छ तरीके से भंडारण और रखरखाव, खाद्य पदार्थों पर गलत लेबलिंग और शाकाहारी व मांसाहारी खाद्य पदार्थों को अलग-अलग न रखना शामिल हैं।
उल्लंघन पाए जाने के बाद संबंधित खाद्य कारोबार संचालकों (एफबीओ) को नोटिस जारी किए गए हैं। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे कानूनी व दंडात्मक कार्रवाई होगी।
विभाग के अनुसार, 30 विशेष टीमों ने शहर के 26 होटलों का निरीक्षण किया और जांच के लिए 35 खाद्य नमूने एकत्र किए।
दूध, पनीर, चिकन, मटन समेत 35 सैंपल लिए गए
अभियान के दौरान एकत्र किए गए खाद्य सैंपल में चाय पाउडर, चिकन, मटन, मछली, खाद्य तेल, मिर्च पाउडर, हल्दी, टोमैटो सास, नींबू का रस, चीज, पापड़, काजू, अदरक, काली मिर्च पाउडर, मसाला पाउडर, पनीर और दूध आदि शामिल हैं। कई स्थानों पर शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को अलग-अलग रखने की व्यवस्था भी नहीं मिली।
अधिकारियों ने पाया कि कुछ प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआइ) के लेबलिंग नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। कई जगह गलत लेबलिंग और मिस ब्रांडिंग के मामले भी सामने आए। इसके अलावा, एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों का भंडारण और भोजन को स्वच्छ तरीके से न रखने की शिकायतें भी सही पाई गईं।
कर्नाटक स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग ने बेंगलुरु और राज्य के अन्य प्रमुख स्थानों पर होटलों, रेस्तरां और खाद्य आउटलेट्स में आकस्मिक निरीक्षण करने के लिए 30 विशेष टीमों का
गठन किया है, जो खराब खाद्य गुणवत्ता, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा उल्लंघनों की बढ़ती शिकायतों के बाद किया गया है। यह अभियान कर्नाटक के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री यूटी खाडर के निर्देश पर शुरू किया गया। इंटरनेट मीडिया पर शिकायतों से संबंधित वीडियो प्रसारित होने और आमजन से मिल रही खराब गुणवत्ता की शिकायतों के बाद विभाग ने खाद्य प्रतिष्ठानों की निगरानी बढ़ा दी है।

