बिहार से राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए छह शिक्षकों की अनुशंसा
पटना (आशिप्र)। बिहार से राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार, 2026 के लिए छह शिक्षकों के नाम की अनुशंसा की गयी है। राज्य स्तरीय चयन समिति की अनुशंसा के बाद संबंधित छह उत्कृष्ट शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों को राष्ट्रीय स्तर की चयन प्रक्रिया के अंतिम पड़ाव के लिए चुना गया है। अब सभी अनुशंसित शिक्षक केंद्र सरकार की राष्ट्रीय चयन समिति के सामने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रस्तुति देंगे। संबंधित छह शिक्षकों की वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रस्तुति भारत सरकार के स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग के समक्ष 12 अगस्त को होगी। इसके लिए प्राथमिक शिक्षा निदेशालय ने सभी अनुशंसित शिक्षकों की 11 अगस्त को मुख्यालय बुलाया है। उन्हें ऑनलाइन आवेदन से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेजों की हार्ड और सॉफ्ट कॉपी साथ लाने को भी कहा गया है। राज्य स्तर पर अनुशंसित शिक्षकों में गोपालगंज के कन्या मध्य विद्यालय कुचायकोट की शिक्षिका पुष्पा प्रसाद, जमुई के उत्क्रमित मध्य विद्यालय दिघौत के प्रभारी प्रधान शिक्षक अभिषेक, कटिहार के आजमनगर के मध्य विद्यालय अरिहाना के शिक्षक विप्लव कुमार, भोजपुर के संदेश के प्लस टू एस. एन. लाल उच्च विद्यालय, अखगांव की प्रभारी प्राचार्या प्रमिला कुमारी, बांका के उर्दू प्राथमिक विद्यालय बिदयडीह की प्रधान शिक्षिका खुशबू कुमारी एवं औरंगाबाद के मदनपुर के राजकीय मध्य विद्यालय सलैया के प्रधानाध्यापक राजकुमार प्रसाद गुप्ता शामिल हैं।

