कक्षा 5 तक निपुण आकलन नवंबर और दिसंबर में
लखनऊ। प्रदेश में इस साल कक्षा पांच तक के बच्चों का निपुण आकलन कराया जाएगा। बेसिक शिक्षा विभाग ने नवंबर-दिसंबर में होने वाले निपुण आकलन की तैयारियां अभी से शुरू कर दी हैं। वहीं इस साल से पहली बार समाचार पत्र पढ़ने को भी निपुण आकलन में शामिल किया गया है। कक्षा चार और पांच में 75 फीसदी सवालों के सही उत्तर देने वाले इसमें निपुण होंगे।
इसी तरह कक्षा तीन से पांच में पहली बार पर्यावरण अध्ययन को भी आकलन में शामिल किया गया है। कक्षा तीन में छात्रों के जीवन के लिए आवश्यक प्राकृतिक व मानव संसाधनों की पहचान इसमें शामिल है। कक्षा चार में यातायात के नियमों, आपातकालीन स्थितियों के उपायों की पहचान और कक्षा पांच में फसल चक्र, ऋतु परिवर्तन, प्राकृतिक आपदा से संबंधित 75 फीसदी सवालों के लिखित व मौखिक जवाब देने वाले छात्र निपुण होंगे। कार्य के लिए प्रति विद्यालय 1000 रुपये प्रोत्साहन राशि डीएलएड प्रशिक्षुओं को दी जाएगी। आकलन के बाद निपुण सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसमें शिक्षकों को सम्मानित करते हुए प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे। इसके लिए हर जिले को एक लाख बजट जारी किया गया है। निपुण विद्यालय आकलन में शामिल छात्र-छात्राओं का रिपोर्ट कार्ड ऑनलाइन अपलोड किया जाएगा। महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने सभी डायट प्राचार्य व बीएसए को समय से तैयारी व आकलन कराने का निर्देश दिया है। ब्यूरो

