Primary Ka Master Latest Updates👇

Sunday, August 9, 2026

बच्चों से काम कराया, प्रधानाध्यापिका और सहायक अध्यापिका निलंबित

 बच्चों से काम कराया, प्रधानाध्यापिका और सहायक अध्यापिका निलंबित

लखनऊ। मोहनलालगंज के प्राथमिक विद्यालय ललूमर में विद्यालय की छत पर बच्चों से काम कराने के आरोप में प्रधानाध्यापिका व सहायक अध्यापिका के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के आधार पर खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) ने मामले की जांच कराई। जांच में आरोप सही पाए जाने पर बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने प्रधानाध्यापिका श्वेता त्रिपाठी व सहायक अध्यापिका शगुफ्ता रानी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। मामले की विस्तृत जांच के लिए समिति भी गठित की गई है।



बीईओ सुशील कुमार की जांच रिपोर्ट के मुताबिक विद्यालय की छत पर बच्चों से काम कराए जाने की पुष्टि हुई। जांच के - दौरान यह भी पाया गया कि छत पर बिजली का तार निकला हुआ था, जिससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हुए। ग्रामीणों से पूछताछ में यह भी सामने आया कि प्रधानाध्यापिका श्वेता त्रिपाठी और सहायक अध्यापिका शगुफ्ता रानी समय से विद्यालय नहीं पहुंचती हैं।


रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि विद्यालय को मिली कंपोजिट ग्रांट के बावजूद रंगाई-पुताई और साफ-सफाई का कार्य नहीं कराया गया। तीन अगस्त को निरीक्षण के दौरान भी प्रधानाध्यापिका अनुपस्थित मिलीं। उनसे अनुपस्थिति का स्पष्टीकरण मांगा गया, लेकिन वह संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद बीएसए ने उनके निलंबन के आदेश जारी कर दिए।


प्रधानाध्यापिका ने बताया रसोइया की साजिश : प्रधानाध्यापिका श्वेता त्रिपाठी ने आरोपों को निराधार बताते हुए इसे रसोइया की साजिश बताया है। उनका कहना है कि विद्यालय की छत की मरम्मत का कार्य चल रहा था। मरम्मत करने आए मिस्त्री का बच्चा, जो विद्यालय में पढ़ता है, मध्याह्न अवकाश के दौरान छत पर चला गया था। इसी दौरान रसोइया के बेटों ने वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

बच्चों से काम कराया, प्रधानाध्यापिका और सहायक अध्यापिका निलंबित Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link