Primary Ka Master Latest Updates👇

Friday, August 14, 2026

देवरिया में तिरंगा यात्रा में 41 छात्राओं की तबीयत बिगड़ी

 देवरिया में तिरंगा यात्रा में 41 छात्राओं की तबीयत बिगाड़

देवरिया, । देवरिया शहर में गुरुवार को जिला प्रशासन के निर्देश पर निकाली गई तिरंगा यात्रा के दौरान अचानक 41 छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। इनमें से कई छात्राएं अचेत हो गईं, जिससे अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में सभी को मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जिनमें से 34 छात्राओं को भर्ती करना पड़ा। दोपहर बाद 30 छात्राओं को छुट्टी दे दी गई, जबकि चार का अभी उपचार चल रहा है।




पीएमश्री जीआईसी परिसर से सुबह करीब 11 बजे भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, जीआइसी समेत कई विद्यालयों के करीब चार हजार छात्र-छात्राएं शामिल थे। यात्रा जीआईसी परिसर से निकलकर कोतवाली रोड, सिविल लाइंस रोड होते हुए रवींद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंची। कड़ी धूप और गर्मी के चलते छात्राओं की स्थिति बिगड़ने लगी। कुछ छात्राएं अचेत होने लगीं। छात्राओं को तत्काल महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया और ट्रॉमा सेंटर में उपचार शुरू हुआ। उसी दौरान रैली से विद्यालय पहुंचने पर कई अन्य छात्राओं की भी तबीयत बिगड़ गई। उनमें से कुछ को चक्कर आ रहा था तो कुछ अचेत हो गईं। इसके बाद विद्यालय में भी अफरा-तफरी मच गई। उन्हें भी एंबुलेंस व अन्य वाहन मंगाकर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। एक साथ दर्जनों छात्राओं के बीमार होने की खबर से मेडिकल कॉलेज में हड़कंप मच गया।






सीएमएस डॉ. एचके मिश्र के नेतृत्व में छह टीमें लगाई गईं। बेड कम पड़ने पर कई छात्राओं को एक ही बेड पर और कुछ को फर्श पर लिटाकर उपचार शुरू किया गया। डीएम मधुसूदन हुल्गी, एसपी अभिजीत आर शंकर, सीडीओ राजेश कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारियों ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर छात्राओं का हाल जाना। करीब घंटेभर में उनकी हालत में सुधार आया तो अधिकारियों ने राहत की सांस ली। दोपहर बाद 30 छात्राओं को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि चार का अभी उपचार चल रहा है। सीएमएस ने बताया कि छात्राओं में डिहाइड्रेशन के लक्षण मिले थे।




हर घर तिरंगा यात्रा के दौरान धूप ज्यादा होने के चलते कुछ छात्राएं डिहाइड्रेशन की शिकार हुई थीं। हालांकि, रास्ते में जगह-जगह एंबुलेंस और पानी की व्यवस्था की गई थी। छात्राओं के लिए मेडिकल कॉलेज में तत्काल बेड का इंतजाम किया गया। अभिभावक से भी बात की गई है कि वे घबराएं नहीं। सभी छात्राएं ठीक हैं।




मधुसूदन हुल्गी, डीएम, देवरिया

देवरिया में तिरंगा यात्रा में 41 छात्राओं की तबीयत बिगड़ी Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link