टीचर ने 7वीं के छात्र को पीट-पीटकर हाथ तोड़ा:आगरा में बिना पूछे टॉयलेट करने गया था, मामला DCP तक जाने के 6 दिन बाद हुई FIR
आगरा के अछनेरा स्थित ग्राम सांथा के कंपोजिट विद्यालय धर्मपुरा में कक्षा-7 के 14 वर्षीय छात्र की डंडे से पिटाई का मामला सामने आया है। छात्र के पिता का आरोप है कि वह बिना अनुमति शौच के लिए चला गया था। इसी बात पर कार्यवाहक प्रधानाचार्य मनोज कुमार ने उसे डंडे से पीटा। पिटाई में छात्र के हाथ में फ्रैक्चर हो गया।
पिता का आरोप है कि घटना के बाद वह बेटे को लेकर थाने पहुंचे, लेकिन छह दिन तक FIR दर्ज नहीं हुई। थाने और चौकी के चक्कर लगाने के बाद उन्होंने सोमवार को डीसीपी वेस्ट आदित्य कुमार से शिकायत की। डीसीपी के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने आरोपी कार्यवाहक प्रधानाचार्य के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
बिना अनुमति बाहर जाने पर भड़के प्रधानाचार्य
पीड़ित के पिता महेश ने बताया कि उनका बेटा 8 सितंबर को स्कूल में कक्षा में बैठा था। इसी दौरान वह शौच के लिए चला गया। आरोप है कि बिना अनुमति जाने की बात पर कार्यवाहक प्रधानाचार्य मनोज कुमार नाराज हो गए और छात्र की डंडे से पिटाई कर दी।
पिता के मुताबिक, पिटाई के दौरान छात्र गिर गया और उसके हाथ में चोट लग गई। वह घायल हालत में घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
छह दिन थाने-चौकी के चक्कर लगाने का आरोप
घटना के बाद पिता बेटे को लेकर पुलिस के पास पहुंचे। उनका आरोप है कि छह दिन तक उन्हें थाने और चौकी के बीच चक्कर लगवाए गए, लेकिन FIR दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने डीसीपी वेस्ट से शिकायत की।
डीसीपी के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने सोमवार को आरोपी कार्यवाहक प्रधानाचार्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
आरोपी का मोबाइल स्विच ऑफ
आरोपी कार्यवाहक प्रधानाचार्य मनोज कुमार से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया। उनका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। उनका पक्ष सामने आने पर खबर में शामिल किया जा सकता है।
पुलिस और शिक्षा विभाग ने क्या कहा?
डीसीपी वेस्ट आदित्य कुमार ने बताया कि बच्चे के परिजन उनसे मिले थे। उन्होंने कार्यवाहक प्रधानाचार्य पर पिटाई का आरोप लगाया था। शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं। मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसीपी अछनेरा शैलेंद्र सिंह ने बताया कि कार्यवाहक प्रधानाचार्य के खिलाफ शिकायत मिली थी। मामले में जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी गई। सोमवार को FIR दर्ज कर ली गई है।
खंड शिक्षा अधिकारी फतेहपुर सीकरी सौरभ आनंद ने बताया कि प्रकरण गंभीर है। फिलहाल पुलिस मामले की कानूनी जांच कर रही है। पुलिस की रिपोर्ट और कार्रवाई के आधार पर उच्चाधिकारियों के संज्ञान में मामला लाकर आरोपी शिक्षक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
