शिक्षिका गैरहाजिर रही तो 8वीं की छात्रा ने बच्चों को पढ़ाया
गोकर्णनाथ। कम्पोजिट विद्यालय त्रिलोक गिरि में सोमवार को बच्चों के लिए पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने को नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू वाटर कूलर लगवाने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद कर विद्यालय की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसी दौरान कक्षा आठ की छात्रा नेन्शी सिंह ने पालिकाध्यक्ष का ध्यान आकर्षित किया। हरितालिका तीज के अवसर पर महिला शिक्षिकाओं के अवकाश के बीच नेन्शी कक्षा एक और दो के छोटे बच्चों को पूरे आत्मविश्वास और सहजता के साथ पढ़ाती नजर आईं। वह बच्चों को पाठ समझाने के साथ ही उन्हें अनुशासन में भी रख रही थीं। नेन्शी की पहल और नेतृत्व क्षमता से प्रभावित पालिकाध्यक्ष ने उसकी सराहना की।
उन्होंने कहा कि बच्चों में जिम्मेदारी की भावना और नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है। ऐसी प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिलना चाहिए। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि विद्यालयों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ बच्चों के व्यक्तित्व विकास और उनकी प्रतिभा को निखारने पर भी ध्यान दिया जाना जरूरी है। नेन्शी का छोटे बच्चों को पढ़ाने का प्रयास अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है।

