PCS 2026: रिकॉर्ड 8.90 लाख अभ्यर्थियों ने किया आवेदन, 500 पदों पर 1,780 दावेदार
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश की प्रतिष्ठित सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (PCS) परीक्षा 2026 में अभ्यर्थियों की संख्या ने नया रिकॉर्ड बनाया है। इस बार करीब 8.90 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। वर्तमान में विज्ञापित 500 पदों के मुकाबले देखें तो एक पद के लिए औसतन 1,780 अभ्यर्थी प्रतियोगिता में हैं।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने PCS 2026 के 500 पदों के लिए 25 जून से 27 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन मांगे थे। हालांकि, आयोग की ओर से फिलहाल 500 पदों की सूचना दी गई है। प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी होने से पहले रिक्तियों की संख्या बढ़ने की संभावना है।
एक दशक में सबसे ज्यादा आवेदन
PCS 2026 में आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की संख्या पिछले कई वर्षों के मुकाबले काफी अधिक है। इससे पहले 2021 में 6,91,173 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। वहीं 2018 में 6,35,844 और 2025 में 6,26,387 अभ्यर्थियों ने फॉर्म भरा था।
वर्षवार आवेदकों की संख्या:
वर्ष आवेदन
2025-6,26,387
2024- 5,76,154
2023- 5,65,459
2022- 6,02,974
2021-6,91,173
2020 -5,95,696
2019 -5,44,664
2018 -6,35,844
इस तरह PCS 2026 में आवेदन करने वालों की संख्या पिछले एक दशक में सबसे अधिक बताई जा रही है।
6 दिसंबर को प्रस्तावित है प्रारंभिक परीक्षा
PCS 2026 की प्रारंभिक परीक्षा 6 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित है। परीक्षा में करीब 8.90 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने से आयोग के सामने परीक्षा केंद्रों और व्यवस्थाओं को लेकर भी बड़ी चुनौती रहेगी।
मुख्यमंत्री फेलोशिप से जुड़े अभ्यर्थियों को पहली बार छूट
PCS 2026 में पहली बार मुख्यमंत्री फेलोशिप योजना से जुड़े युवाओं के लिए विशेष प्रावधान लागू किया गया है। उत्तर प्रदेश लोक सेवाओं (मुख्यमंत्री अध्येतावृत्ति के अनुसंधानविदों के लिए आयु सीमा एवं अधिमान का शिथिलीकरण) नियमावली, 2026 के तहत मुख्यमंत्री अध्येतावृत्ति कार्यक्रम के अनुसंधानविदों को आयु सीमा में अधिकतम 3 वर्ष की छूट दी जाएगी।
इसके अलावा मुख्य परीक्षा में ऐसे अभ्यर्थियों को अधिकतम 7.5 अंक तक का अधिमान (Weightage) दिए जाने का प्रावधान है।
500 पदों के लिए बढ़ी प्रतिस्पर्धा
मौजूदा 500 पदों और करीब 8.90 लाख आवेदनों के आधार पर हर एक पद के लिए औसतन 1,780 अभ्यर्थी दावेदारी कर रहे हैं। हालांकि, आगे चलकर रिक्तियों की संख्या बढ़ने पर यह अनुपात बदल सकता है।

