विद्यालय में साफ-सफाई समेत अन्य कुव्यवस्था को ले ग्रामीणों ने किया हंगामा
प्रखंड क्षेत्र की नादो पंचायत स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय नादो में साफ-सफाई, पठन-पाठन, शौचालय, पेयजल समेत अन्य कुव्यवस्था को लेकर सोमवार को ग्रामीणों ने हंगामा किया. सैकड़ों की संख्या में अभिभावक और ग्रामीण विद्यालय पहुंच गये और विद्यालय की व्यवस्था में सुधार की मांग की. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विद्यालय में नियमित कक्षाएं नहीं चलती हैं.
विद्यालय आने के बाद बच्चे इधर-उधर परिसर और सड़क पर घूमते रहते हैं. विद्यालय संचालन के समय बच्चों का सड़क पर घूमना विद्यालय की लापरवाही को दर्शाता है.
ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय में छात्र और छात्राओं के लिए अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था नहीं है. पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं रहने से बच्चों को परेशानी होती है. वहीं, विद्यालय परिसर में गंदगी का अंबार लगा रहता है. ग्रामीणों ने यह भी बताया कि बच्चों के खेलने के लिए विद्यालय में खेल सामग्री उपलब्ध नहीं है. कंप्यूटर लैब की व्यवस्था होने के
बावजूद बच्चों को इसका समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है. ग्रामीणों ने विद्यालय की सभी व्यवस्थाओं में सुधार लाने की मांग की. ग्रामीणों की शिकायत पर विद्यालय की प्रधानाध्यापक सोनिका ने अभिभावकों को आश्वस्त किया कि एक सप्ताह के अंदर सभी व्यवस्थाओं में सुधार कर लिया जायेगा. प्रधानाध्यापक के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए.

