लखनऊ। कर्मचारी शिक्षक संयुक्त मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं राज्यमंत्री स्वाति सिंह को ज्ञापन सौंपकर मांगों पर सार्थक निर्णय लेने की मांग की है। मोर्चा के अध्यक्ष अध्यक्ष वीपी मिश्रा एवं महासचिव शशि कुमार मिश्र ने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों एवं शिक्षकों की मांगों पर गंभीर नहीं है।
मंत्रियों एवं विधायकों को लगातार ज्ञापन भेजे जा रहे हैं। लेकिन वेतन समिति की संस्तुतियों को लागू कर विसंगतियों को दूर करने, काडर पुनर्गठन जैसी समस्याओं का निस्तारण नहीं हो पाया है। साथ ही पुरानी पेंशन की बहाली एवं महंगाई भत्ते के एरियर व काटे गए भत्तों की बहाली की मांग लंबित है। उन्होंने बताया कि मोर्चा की 30 सितंबर की होने वाली बैठक में अगले कार्यक्रम की घोषणा की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में गिरीश चंद्र मिश्रा, मनोज कुमार मिश्रा, सुनील यादव, घनश्याम यादव व कैंसर रजा समेत कई कर्मचारी नेता शामिल थे। ब्यूरो।

