अमेठी : अनुसूचित जाति के बच्चों को अलग भोजन शिकायत करने पर पिटाई
अमेठी। अमेठी ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय वनपुरवा में तैनात प्रधानाध्यापक पर अनुसूचित जाति के छात्रों के साथ जातिगत भेदभाव करने का आरोप लगा है। मंगलवार को संग्रामपुर थाने पहुंचे एक अनुसूचित जाति के परिवार ने शिकायतीपत्र देकर कहा कि इस स्कूल में पढ़ने वाले उनकी जाति के बच्चों को दोपहर के भोजन के दौरान अलग पंक्ति में बैठाया जाता है। भेदभाव की शिकायत करने पर प्रधानाध्यापक इन बच्चों की पिटाई भी करती हैं।
संग्रामपुर थाना क्षेत्र के गड़ेरी गांव से दो परिवार ग्राम प्रधान विनय जायसवाल के साथ थाने पहुंचे। जगनारायण व सोनू का कहना था कि प्रधानाध्यापक कुसुम सोनी बच्चों के साथ भेदभाव करती हैं। ग्राम प्रधान का कहना था कि अभिभावकों की शिकायत पर सोमवार को वे विद्यालय गए तो प्रधानाध्यापक मौजूद नहीं थीं। बीएसए डॉ. अरविंद कुमार पाठक ने बताया कि बीडीओ अमेठी के साथ स्कूल गए थे। आरोप लगाने वाले बच्चों व उनके अभिभावकों के अलावा प्रधानाध्यापक का बयान लिया गया है। जल्द ही पूरे मामले में यथोचित कार्रवाई की जाएगी। संवाद

