स्कूल में निर्माण के दौरान मारपीट, दो गिरफ्तार
बिधूना (औरैया)। कस्बे स्थित एक स्कूल में निर्माण कार्य के दौरान महिला व उसके साथियों ने मैनेजर व स्कूल स्टाफ के साथ मारपीट की। पुलिस ने मौके से महिला समेत दो को गिरफ्तार कर शांतिभंग की कार्रवाई की है।
नगर के अछल्दा रोड निवासी अजय अग्निहोत्री ने कोतवाली में दी तहरीर में कहा है कि वह संत विवेकानंद पब्लिक स्कूल बिधूना के प्रबंधक हैं। गुरुवार की सुबह 11 बजे स्कूल के नए कैंपस में निर्माण कार्य करा रहे थे। वहां पर स्कूल स्टाफ के रामसिंह, मनोज सक्सेना, विनय वर्मा मौजूद थे.तभी भरथना रोड निवासी सत्या यादव, सचिन यादव, सरोज यादव, बबली उर्फ मधू दो अज्ञात साथियों के साथ लाठी डंडे व धारदार हथियार लेकर पहुंचे और स्टाफ पर हमला कर दिया।
हमले में वह लोग घायल हो गए। उन्होंने वहां से भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सरोज यादव व एक युवक को गिरफ्तार कर शांतिभंग की कार्रवाई कर जेल भेज दिया। थाना प्रभारी शशांक राजपूत ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला व उसके पुत्रों द्वारा विवाद किया जा रहा था। महिला व युवक को गिरफ्तार जेल भेज दिया गया है।

