प्रयागराज। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने बृहस्पतिवार देर रात टीजीटी 2016 के सामाजिक विज्ञान और कला के चयनितों को विद्यालय आंवटित कर दिया। इसके अलावा पीजीटी-2016 नागरिक शास्त्र (बालिका वर्ग) के भी चयनितों को विद्यालय आवंटित कर दिया गया।
चयन बोर्ड के मुताबिक सामजिक विज्ञान में 1004 और कला विषय में 391 चयनित अभ्यर्थियों को विद्यालय आवंटित किया गया। आवंटन की सूची चयन बोर्ड की वेबसाइट पर देखी जा सकती है। चयनित अभ्यर्थी बहुत दिनों से विद्यालय आवंटन की मांग को लेकर आंदोलनरत थे। प्रतियोगी मोर्चा के अध्यक्ष मृत्युंजय सिंह को हापुड़ जिले का राजपूत रेजीमेंट इंटर कॉलेज आवंटित हुआ है।
हालांकि मृत्युंजय सिंह का कहना है कि चयन बोर्ड पर भरोसा तब तक नहीं किया जा सकता है जब तक बोर्ड जिलों को पैनल नहीं भेजता। इसके लिए चयनित अभ्यर्थी शुक्रवार को बोर्ड कार्यालय पर आरपार की लड़ाई के लिए जुटेंगे। उन्होंने बताया कि इस मामले की जानकारी चयन बोर्ड के
उपसचिव को दी गई है। संवाद

