संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने विद्यालय के प्रधानाचार्य पर छेड़खानी का आरोप लगाया है। मंगलवार की शाम को पुलिस ने प्रधानाचार्य पर छेड़खानी का केस दर्ज किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़ित महिला का आरोप है कि रविवार को वह एचआर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य के कक्ष में गई थी।
उसी दौरान प्रधानाचार्य रामकुमार सिंह उसके साथ अभद्र हरकत करने लगे। वह किसी तरह कमरे से बाहर निकली और घर गई। सोमवार को पीड़िता ने प्रभारी एसपी/ एएसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी। दूसरी ओर प्रधानाचार्य रामकुमार सिंह ने आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने बताया कि दो दिन पूर्व छह लोगों ने मधुकुंज सिनेमा हाल के पास रॉड से प्रहार करके उन्हें घायल कर दिया था। इसके साथ ही आरोपितों ने उनकी दो कीमती अंगूठी छीन ली थी। उनकी कार को क्षतिग्रस्त कर दिया था। इस मामले में उन्होंने आरोपितों पर केस दर्ज कराए थे। उसी मुकदमे में सुलह का दबाव बनाने के लिए छेड़खानी का झूठा आरोप लगाकर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस की जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी। कोतवाल अनिल कुमार ने बताया कि आरोपी प्रधानाचार्य के खिलाफ छेड़खानी का केस दर्ज कर लिया गया है। विवेचना से जो तथ्य सामने आएगा, आगे वैसी कार्रवाई की जाएगी। संवाद