बीईओ और स्कूल के आठ शिक्षकों को प्रतिकूल प्रविष्टि
हरगांव ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय ककराही (कंपोजिट) के निरीक्षण में डीएम डॉ. राजा गणपति आर को बच्चों की उपस्थिति कम मिली। साथ ही भोजन की गुणवत्ता भी खराब मिली। ऐसे में डीएम ने नाराजगी जाहिर की और बीईओ समेत सभी आठ शिक्षकों को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने के निर्देश बीएसए को दिए। डीएम ने कक्षा दो के बच्चों से किताब पढ़वाई। जिसमें कई बच्चे सही से किताब भी नहीं पड़ पाए। डीएम हरगांव ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय ककराही का निरीक्षण करने शनिवार को पहुंचे। उन्होंने बच्चों की संख्या और उपस्थिति पंजिका देखी। जिसमें पंजीकृत बच्चों की संख्या के सापेक्ष कम बच्चे मिले। वहीं कई बच्चे स्कूल में बिना यूनीफार्म आए थे। साथ ही शिक्षकों की कम उपस्थिति पर भी डीएम काफी नाराज
दिखे। जिसके बाद उन्होंने बीएसए को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पूर्व में भी सभी प्रधानाध्यापकों व इंजार्च अध्यापकों को मास्टर रजिस्टर बनाए जाने के निर्देश दिए थे, लेकिन वह रजिस्टर भी अपूर्ण मिला।
डीएम ने इंचार्ज प्रधानाध्यापक जाहिरा बानो को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद निपुण तालिका का निरीक्षण करने के बाद कक्षा दो के बच्चों से शिक्षण कार्य की जानकारी ली और किताब पढ़वाई। कई बच्चे ठीक से किताब नहीं पढ़ सके। ऐसे में डीएम ने सभी शिक्षकों को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने के निर्देश दिए। डीएम ने रसोई घर जाकर बच्चों को दिए जाने वाले भोजन को चखकर देखा। भोजन की गुणवत्ता खराब मिली तो उन्होंने बीईओ रमाकांत मौर्य को भी प्रतिकूल प्रविष्ट जारी करने के निर्देश बीएसए को दिए।

